मेरठ। कैंट में कैंट बोर्ड की बिना परमिशन के व्हीलर क्लब, इंडाना बार और राजमहल होटल में बार चल रहे हैं। इसके अलावा आबूलेन, बांबे बाजार और रेलवे रोड पर शराब-बीयर की चार दुकानें भी चल रही हैं। इनमें से किसी ने भी कैंट बोर्ड से लाइसेंस नहीं लिया हुआ है। जबकि कैंट क्षेत्र में चलने वाले होटलों और बार को बोर्ड से भी लाइसेंस लेना जरूरी है। इस मुद्दे पर शुक्रवार को कैंट बोर्ड की बैठक में निर्णय लिया जाना है।
इसके अलावा बोर्ड बैठक में दूसरे कई अहम निर्णय भी होने हैं। कैंट बोर्ड की आमदनी कम और खर्चा ज्यादा होने की वजह से राजस्व बढ़ाए जाने को लेकर चर्चा होनी है। इसके अलावा अवैध निर्माण के मामले भी बैठक में रखे जाएंगे। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत डोर-टू-डोर कूड़ा सफाई, प्लास्टिक पूरी तरह से बैन करने के साथ दूसरे कई मुद्दे भी रहेंगे। बता दें कि बैठक में कैंट के होटलों-रेस्टोरेंट द्वारा अभी तक लाइसेंस के लिए आवेदन नहीं किए जाने पर कार्रवाई को लेकर भी निर्णय लिया जा सकता है। कैंट क्षेत्र में चलने वाले सभी रेस्टोरेंट-होटलों में साफ-सफाई की जांच आदि के लिए सैन्य अधिकारियों द्वारा पिछली बोर्ड बैठक में ये मुद्दा जोरशोर से उठा था। निर्णय लिया था कि सभी की तरफ से लाइसेंस के लिए कैंट बोर्ड ऑफिस में आवेदन किया जाएगा। अभी तक इस मामले में सब कुछ पहले की तरह ही चल रहा है। होटलों के साथ ही अब बार और शराब की दुकानों के बिना परमिशन लिए चलाने पर बोर्ड बैठक में इस पर कड़ा निर्णय लिया जा सकता है।