ढाई वर्ष से अनुपस्थित चल रहे कर्मचारी की सेवा समाप्त
मेरठ। कलक्ट्रेट कर्मचारी अभिषेक चौहान की सेवा शनिवार को मंडलायुक्त ने लगातार ढाई वर्ष से अनुपस्थित रहने के कारण समाप्त कर दी। अभिषेक चौहान आशुलिपिक पद पर मंडलायुक्त कार्यालय से संबद्ध थे और 26 अगस्त 2015 को अर्जित अवकाश लेकर गये थे। लेकिन उसके बाद से अपनी ड्यू्टी पर उपस्थित नहीं हुए।
अभिषेक चौहान ने 26 अगस्त 2015 को 23 नवंबर 2015 तक का अर्जित अवकाश लिया था। इसके बाद उन्होंने कई बार डाक द्वारा और ऑनलाइन मेल आदि के माध्यम से अपने अवकाश को बढ़ाने के लिए आवेदन किया।। इस दौरान अभिषेक चौहान को कई बार नोटिस भी जारी किया गया, लेकिन उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं दिया गया। ऐसे में मंडलायुक्त ने उनकी सेवा समाप्त करने का आदेश जारी किया। जिस पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन सत्यप्रकाश पटेल द्वारा अभिषेक चौहान की सेवा समाप्ति का पत्र तहसीलदार के माध्यम से उनके घर पर तामील कराने के लिए जारी किया है।