मेरठ। सीसीएसयू के एडेड कॉलेजों के रेग्युलर कोर्स में दाखिले बंद हो चुके हैं। वहीं, छात्र नेताओं ने छात्रसंघ चुनाव को लेकर माहौल बनाना शुरू कर दिया है। खुद को संभावित प्रत्याशी बताकर प्रोजेक्ट करने में जुट गए हैं। छात्रों और छात्र संगठनों की नजर में पहले आओ की रणनीति के तहत छात्रों ने होर्डिंग और बैनर लगाने शुरू कर दिए हैं। आने वाले कुछ दिनों में विवि प्रशासन से चुनाव की तिथि घोषित करने की मांग की जाएगी।
आमतौर पर अक्तूबर एवं नवंबर में छात्रसंघ चुनाव होते हैं। पहले विश्वविद्यालय कैंपस में चुनाव होते हैं। इसके बाद विवि कॉलेजों को चुनाव की तिथि तय करने का शेड्यूल देता है। एडेड कॉलेजों में सेल्फ फाइनेंस कोर्स में दाखिले की अंतिम तिथि 14 सितंबर है। रेग्युलर कोर्स के दाखिले 31 अगस्त को बंद हो चुके हैं। नया सत्र शुरू हो गया है। अहम बात यह है कि विवि से ज्यादा छात्रसंघ चुनाव का माहौल डिग्री कॉलेजों में है। मेरठ कॉलेज, डीएन डिग्री कॉलेज और एनएएस कॉलेज में छात्रों ने चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। कॉलेज के आसपास होर्डिंग और बैनर लगाने शुरू कर दिए हैं। खुद को संभावित प्रत्याशी बता रहे हैं। वह नए छात्र-छात्राओं से मिल रहे हैं।
सपा सरकार में लगातार हुए चुनाव
प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने के बाद छात्रसंघ चुनाव पर लगी रोक हट गई थी। पांच साल लगातार चुनाव हुए। इस बार भाजपा की सरकार है। विवि कैंपस में समाजवादी छात्रसभा ने छात्रसंघ चुनाव में शानदार प्रदर्शन किया। एबीवीपी के गढ़ में सेंधमारी कर पांच साल अध्यक्ष समेत कई पदों पर अपने प्रत्याशी जिताए। कैंपस का इस बार का चुनाव दिलचस्प होगा। समाजवादी छात्रसभा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अतुल प्रधान कैंपस में सक्रिय हो चुके हैं। छात्रों के मुद्दों को लेकर वह कई बार कुलपति से मिल चुके हैं।
चुनाव की तिथि के लिए जल्द मंथन
छात्रसंघ चुनाव की तिथि को लेकर विश्वविद्यालय जल्द मंथन करेगा। फिलहाल कॉलेजों में बैक परीक्षा चल रही हैं। पांच अक्तूबर तक बैक परीक्षा होगी। 19 अक्तूबर की दीवाली है। जल्द ही विवि तिथि को लेकर बैठक करेगा। दीवाली से पहले कैंपस में चुनाव होने की संभावना है। कॉलेजों की तिथि बाद में तय होगी।