अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ।
किनौनी शुगर मिल प्रकरण को लेकर रालोद ने रविवार को भाजपा पर जमकर हमला बोला और आरोपियों को बचाने के आरोप लगाए। रालोद जिलाध्यक्ष राहुल देव के बाउंड्री रोड पर प्रेस वार्ता कर पूर्व सिंचाई मंत्री एवं राष्ट्रीय महासचिव डॉ. मेराजुद्दीन अहमद, पूर्व विधायक एवं राष्ट्रीय महासचिव राजेंद्र शर्मा और किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष राममेहर सिंह गुर्जर ने पूरे मामले को गुंडाराज की पराकाष्ठा करार दिया।
मेराजुद्दीन अहमद ने कहा कि सपा सरकार को गुंडों की सरकार कहकर सत्ता पाने वाली भाजपा सरकार के राज में सीएम योगी का नाम लेकर भाजपा नेता किनौनी शुगर मिल पर गोली बरसा रहे हैं। राजेंद्र शर्मा ने कहा कि मामले से संबंधित वायरल हुए वीडियो में आरोपी जाट समाज, यूनिट हेड, एसएसपी तक पर अभद्र टिप्पणी कर रहे हैं। वहीं भाजपा नेता एक तरफ तो मामले में समझौते का दबाव डाल रहे हैं और दूसरी तरफ विरोध करने का नाटक कर रहे हैं। राममेहर गुर्जर ने कहा मामला जाट या गुर्जर बिरादरी का नहीं है। अपराधी की कोई जाति नहीं होती है। रालोद इस मामले में चुप नहीं बैठेगा। अगर सोमवार तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो रालोद मंगलवार को एडीजी कार्यालय का घेराव कर आंदोलन छेड़ेगा। इस मौके पर पूर्व विधायक परवेज हलीम अहमद, राजेंद्र चिकारा, यशवीर सिंह, एनुद्दीन शाह, भोपाल गुर्जर, सुबोध त्यागी, पप्पू गुर्जर, अनीश कुरैशी, नरेंद्र खजूरी, सुनील रोहटा, डॉ. राजकुमार सांगवान, गौरव जिटौली, कर्नल ब्रह्मपाल, योगेश फौजी आदि शामिल रहे।
खास बात
किनौनी प्रकरण को लेकर रालोद पदाधिकारियों ने बोला भाजपा पर हमला