भूड़ बराल में रोजाना होगी 500 कुत्तों की नसबंदी
मेरठ। नगर निगम ने परतापुर भूड़बराल में एनिमल वध कंट्रोल सेंटर निर्माण शुरू करा दिया है। यहां पर प्रतिदिन 500 आवारा कुत्तों की नसबंदी की जा सकेगी। सेंटर के संचालन का कार्य एक प्राइवेट कंपनी को सौंपा जाएगा। इसके लिए नगर निगम प्रशासन ने तैयारी कर ली है।
शहर के लोग आवारा कुत्तों से परेशान हैं। शारदा रोड, ओडियन नाला, बागपत रोड, खैरनगर, प्रहलाद नगर, लिसाड़ी रोड, पुराना कमेला, सिविल लाइन क्षेत्र, पांडव नगर, शास्त्री नगर, गंगानगर, लोहियानगर, घंटाघर क्षेत्र, रेलवे रोड, रोहटा रोड सहित कई इलाके ऐसे हैं, जहां पर आवारा कुत्ते आए दिन लोगों पर हमला करते हैं। कुत्तों को पकड़ने के लिए नगर निगम की बोर्ड बैठक में कई बार मामला उठ चुका है। इसके लिए अलग से बजट भी पास किया गया। कई साल से कुत्तों की नसबंदी के लिए केंद्र बनाने की तैयारी चल रही है, जिस पर अब काम शुरू हो पाया है।
परतापुर रेलवे स्टेशन के पीछे बराल रेन बसेरे के निकट एनिमल वध कंट्रोल सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। अब से पहले इस स्थान पर सेंटर के नाम पर टीन शेड डाला गया था। नगर निगम ने केंद्र संचालन के लिए भवन निर्माण शुरू करा दिया है।
जल्द शुरू होगा सेंटर
एनिमल वध कंट्रोल सेंटर का निर्माण शुरू करा दिया गया है। शहर में आवारा कुत्तों के काटने की काफी शिकायतें आ रही हैं। प्रयास है कि शीघ्र ही सेंटर को चालू कर दिया जाएगा। - ब्रजपाल सिंह, सहायक नगरायुक्त