साले की नई दुल्हन से बदसलूकी पर हुई सोनू की हत्या
13 मई को हुई थी साले की शादी, 14 की रात सोनू ने की थी जबरदस्ती की कोशिश
सोनू के साले सहित दो आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त खून से सनी ईंट बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
शामली/मेरठ। खेड़ीकरमू बिजलीघर की आवासीय कॉलोनी में ससुराल में आए सोनू की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। नई नवेली सलहज से बदसलूकी और जोर जबरदस्ती करने पर सोनू की हत्या की गई थी। पुलिस ने मृतक के साले समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हत्या में प्रयुक्त खून से सनी ईंट और मोबाइल भी बरामद किया है।
बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन सभागार में एसपी अजय कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि बुधवार सुबह कैराना रोड स्थित बिजलीघर के बाहर नाले से एक शव मिला था। पहचान सोनू उर्फ हरीश (24) निवासी फूलबाग कॉलोनी थाना नौचंदी मेरठ के रूप में हुई थी। मां नर्मदा देवी की तहरीर पर सोनू के साले शिवम, शिवम के साले मोहित, सोनू की पत्नी शिवानी और सास अंजू के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। सोनू 13 मई को साले शिवम की शादी में आया था। कोतवाली प्रभारी सुभाष सिंह राठौर ने संदेह के आधार पर शिवम और मोहित को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ की गई तो दोनों ने सोनू की हत्या करना स्वीकार किया। हत्या में प्रयुक्त खून से सनी ईंट और मृतक का मोबाइल बरामद किया।
एसपी ने बताया कि शिवम की शादी 13 मई की रात को हुई थी। 14 मई की रात सोनू ने शराब के नशे में शिवम की नई नवेली दुल्हन के साथ बदसलूकी करते हुए जोर-जबरदस्ती की कोशिश की थी। इस बात पर उसका सोनू से विवाद हुुआ था। ससुराल वालों ने सोनू के साथ मारपीट करते हुए उसे कमरे में बंद कर दिया था। तब भी सोनू शांत नहीं हुआ तो रात में उसकी ईंट से पीटकर हत्या कर दी थी। एसपी के अनुसार, इस हत्याकांड में नामजद मृतक सोनू की पत्नी शिवानी और सास अंजू की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। दोनों दोषी पाएं जाते हैं, तो जेल भेजेंगे।