मेधावी सूरज लांबा को सम्मानित किया
मवाना। कृषक इंटर कॉलेज के ओपन स्टेडियम में सोमवार को मेधावी छात्र का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। मेधावी छात्रों को मेडल पहनाकर व नगद राशि देकर पुरस्कृत किया।
कॉलेज के प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार ने बताया कि इंटरमीडिएट कृषि विज्ञान वर्ग में सर्वोच्च अंक प्राप्त कर मेरठ मंडल में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यालय के छात्र सूरज लांबा के सम्मान में समारोह आयोजित किया। जिसमें प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार ने सूरज लांबा को मेडल पहनाकर व 5100 रुपये नगद धनराशि पुरस्कार स्वरूप प्रदान कर सम्मानित किया।
उन्होंने संबोधन में कहा कि हमारे ग्रामीण क्षेत्र में खेल, पढ़ाई एवं अन्य किसी भी क्षेत्र में प्रतिभा की कमी नहीं है। बस आवश्यकता है तो ऐसे प्रतिभाशाली छात्रों को पहचानकर उनका सही मार्गदर्शन करने की। इस जिम्मेदारी को कृषक इंटर कॉलेज निरंतर निभाता रहा है। छात्र की मेहनत के साथ-साथ सही मार्गदर्शन का ही परिणाम है कि हमारे विद्यालय के छात्र सूरज लांबा ने मंडल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर संस्था के साथ-साथ क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार एवं संचालन संजीव कुमार ने किया। इस अवसर पर प्रधान लिपिक सचिन मलिक, शिक्षक डॉ. वीरेंद्र गांधी, सीपी यादव, विनोद लांबा, जितेंद्र वर्मा, नेहरू, दिनेश आदि उपस्थित रहे।