सितंबर में अर्द्धवार्षिक, फरवरी में बोर्ड परीक्षा
- माध्यमिक शिक्षा परिषद ने जारी किया शैक्षिक पंचाग
- विद्यालयों में रजिस्ट्रेशन शुरू, मासिक परीक्षाएं भी होंगी
- शिक्षकों के चुनाव ड्यूटी में होने से प्रभावित होगा सत्र
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ।
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने शैक्षिक पंचाग (2019-20) जारी कर दिया है। इसके तहत सितंबर माह में अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं और अगले साल फरवरी में बोर्ड परीक्षाएं (हाईस्कूल-इंटरमीडिएट) कराई जाएंगी। सोमवार से यूपी बोर्ड के विद्यालयों में शैक्षिक सत्र शुरू कर दिया गया। कई विद्यालयों में हवन कर इसकी शुरुआत की गई। हालांकि शिक्षकों की ड्यूटी लोकसभा चुनाव में लगे होने केकारण कुछ दिन शैक्षिक सत्र प्रभावित हो सकता है।
निर्देश दिए गए हैं कि हर विषय का माहवार निर्धारण किया जाए। विद्यार्थियों का रेडक्रास, स्काउटिंग और एनसीसी आदि में पंजीकरण भी अप्रैल माह में ही करा लिया जाए। कक्षा नौ और कक्षा 11 में संस्थागत विद्यार्थियों का अग्रिम पंजीकरण एक मई से 25 मई के बीच कर लिया जाना चाहिए। मई में गर्मियों की छुट्टियां की जाएंगी। जुलाई-अगस्त-नवंबर में मासिक परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। अगले साल जनवरी माह में बोर्ड परीक्षा की तैयारी शुरू कराई जाए और फिर फरवरी में बोर्ड परीक्षा का आयोजन होगा। जिला विद्यालय निरीक्षक गिरजेश चौधरी ने बताया कि शिक्षा परिषद की तरफ से आए निर्देशों का पालन कराया जाएगा।
केके इंटर कॉलेज में हुआ हवन
मेरठ। शैक्षिक सत्र शुरू होने पर केके इंटर कॉलेज में सोमवार को हवन किया गया। इस दौरान प्रधानाचार्य डॉ. वीर बहादुर सिंह, डॉ. समीर कुमार मंडल और अन्य शिक्षक और छात्र मौजूद रहे।