- नौचंदी क्षेत्र में बदमाशों ने व्यापारी के घर से आठ लाख का माल उड़ाया
- सीसीटीवी में कैद हुए तीन संदिग्ध युवक, फुटेज के आधार पर जांच शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ।
नौचंदी क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े महज आठ मिनट में आठ ताले तोड़कर पीओपी व्यापारी के घर से करीब आठ लाख का सामान समेट लिया। सूचना पर पहुंची नौचंदी पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्वायड ने जांच पड़ताल की। चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। इसमें तीन संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं। पुलिस फुटेज को आधार बनाकर जांच में जुटी है। व्यापारी की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया है।
फूलबाग कॉलोनी निवासी सचिन रस्तोगी की नेहरूनगर में पीओपी की दुकान है। रविवार को सचिन दुकान पर थे। उनकी पत्नी बच्चों समेत मायके गई थीं। दोपहर करीब 2:30 बजे सचिन लंच के लिए घर पहुंचे तो घर का दरवाजा खुला पड़ा था। अंदर जाकर देखा तो सभी कमरों के ताले टूटे पड़े थे और सामान बिखरा था। उन्होंने कंट्रोल रूम को वारदात की सूचना दी। मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर नौचंदी नीरज सिंह ने फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉयड के साथ करीब एक घंटे तफ्तीश की।
ढाई लाख नगद और 4.5 लाख के जेवर
सीसीटीवी में बदमाश 12:44 बजे घर में घुसते दिखे और 12:52 बजे बाहर आते दिखाई दिए। उन्होंने महज आठ मिनट में वारदात को अंजाम दिया। इससे प्रतीत होता है कि चोरों को नगदी और जेवरात की लोकेशन के बारे में पता था। पीड़ित व्यापारी ने बताया कि चोर अलमारी में रखी ढाई लाख की नकदी और करीब साढ़े चार लाख रुपये से अधिक के जेवरात ले गए। पुलिस को मौके से एक स्कूल बैग मिला है, जो चोरों का बताया जा रहा है।
थानेदार के खिलाफ लोगों में गुस्सा
इंस्पेक्टर नौचंदी को लेकर लोगों में खासी नाराजगी दिखी। बताया जाता है कि घटना की सूचना पाकर इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे और पांच मिनट बाद ही लौट गये। पूर्व पार्षद मनोज वर्मा का कहना है कि तैनाती के बाद से आज तक थानेदार ने क्षेत्र का मुआयना तक नहीं किया। चंद कदम की दूरी पर पुलिस चौकी होने के बाद घटना हो जाना शर्म की बात है।
वर्जन:::
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसमें तीन संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं। जल्द बदमाशों को दबोच लिया जाएगा। व्यापारी की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
-नीरज सिंह, इंस्पेक्टर नौचंदी