अमर उजाला ब्यूरो
परीक्षितगढ़। गांव इकला रसूलपुर निवासी एक सैनिक की मिजोरम में तीन दिन पूर्व ह्रदय गति रुकने से मौत हो गई थी। रविवार को सैनिक का शव पैतृक गांव में पहुंचने पर परिजनों में कोहराम मच गया। यहां गांव में पूरे सम्मान के साथ श्मशान घाट पर गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
ग्राम इकला रसूलपुर निवासी गोपाल (45) पुत्र रतिराम सेना में पीएनआर पद पर मिजोरम में तैनात था। तीन दिन पूर्व सैनिक गोपाल का अचानक ह्रदय गति रुकने से मौत हो गई थी। सैनिक की मौत की खबर लगते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पीड़ित परिजन तभी से शव का इंतजार कर रहे थे। रविवार को सैनिक का शव पैतृक गांव इकला रसूलपर पहुंचा। गांव के श्मशान घाट पर गमगीन माहौल में अंतिम अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं, मुखाग्नि भतीजे आशु प्रकाश ने दी। सैनिक के चार पुत्रियां और एक पुत्र शिवकुमार है। वह सऊदी अरब में चालक है। सैनिक की मौत से पत्नी संगीता व अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
सभासद 27 को डीएम से मिलेंगे
परीक्षितगढ़। रविवार को नगर में सभासद सीमा गुर्जर के आवास पर अन्य सभासदों की बैठक हुई। जिसमें सरकार से मानदेय बढाने की मांग को लेकर 27 फरवरी को जिलाधिकारी को ज्ञापन देने का निर्णय किया गया। बैठक में संजय दौरालिया ने कहा कि प्रदेश सरकार सभासदों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रही है। जिसके चलते सभासद अपने वार्डो में विकास कार्य भी नहीं करा पा रहे हैं। दूसरी ओर सभासदों का मानदेय एवं भत्ते को लेकर लड़ाई लडे़ंगे। जिसको लेकर 27 फरवरी को सभी नगरपालिका, नगर पंचायत एवं नगर निगम के सभासद जिलाधिकारी को अपने अधिकारों के लिए ज्ञापन देंगे। बैठक की अध्यक्षता सभासद पति पप्पु गुर्जर ने की और संचालन नंदकिशौर ने किया। यहां अनुरुद्ध त्यागी, गौरव त्यागी, डॉ. सलीम, इरफान कुरैशी, देवदास गौतम, कपिल लौहरे, जयनारायण शर्मा, ओमकार सिंह, देवेंद्र सिंह, दीपक दौराला, मुनेंद्र गुर्जर, सतीश अग्रवाल, अंशु मलिक आदि मौजूद रहे।
शिव जयंती उत्सव का आयोजन
परीक्षितगढ़। गिदौड़िया धर्मशाला में शिव जंयती के उपलक्ष्य में ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय में शिव जयंती उत्सव का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ दिल्ली जोन की संचालिका एवं ईश्वरीय सेवा की प्रतिमूर्ति दीदी चंद्रा ने झंडारोहण करके किया। उन्होंने कहा कि पृथ्वी को पावन एवं श्रेष्ठ बनाने के लिए भगवान शिव ने 83 वर्ष पूर्व ब्रह्मा बाबा के तन में अवतरित होकर सतयुगी दुनिया लाने के लिए यह श्रेष्ठ ज्ञान एवं आचरण की शिक्षा दी। आज भारत के हर नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में ईश्वरीय विश्वविद्यालय के सेंटर, चरित्र निर्माण एवं जन जागृति का कार्य कर रहे हैं। अध्यक्षता पूर्व कमिश्नर आरके भटनागर एवं संचालन विष्णु अवतार रूहेला ने किया। सेंटर के प्रभारी बीके पवन भाई ने सभी अतिथियों का आभार जताया। इस मौके पर विशिष्ठ अतिथि अजय तोमर, प्रधानाचार्य राकेश कुमार लूहाच, मूलचन्द बंसल, शिवम, संजय गर्ग, सतीश, नरेन्द्र, लोकेश, अमित त्यागी, बालचंद भाई, विमलेश, ममता, अनुराधा, प्रभा, लक्ष्मी आदि का विशेष सहयोग रहा।