अमर उजाला ब्यूरो
सरधना। कोतवाली क्षेत्र के गांव छुर में शुक्रवार को आयोजित समारोह में खाना खाने से आठ बच्चे बीमार हो गए। उन्हें स्थानीय चिकित्सक के क्लीनिक पर ले जाया गया। वहां उपचार देने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। इससे आयोजकों एवं बच्चों के परिजनों में दहशत फैल गई
ग्राम छुर में धीर सिंह के पुत्र की शादी से पूर्व समारोह का आयोजन किया गया। इसमें गांव के लोगों को दावत का निमंत्रण दिया गया। इसके चलते यहां पर लोग दोपहर में खाना खाने पहुंचे। कुछ ग्रामीण अपने साथ बच्चों को लेकर भी आए थे। यहां पर खाना खाने के बाद आठ बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उन्हें उल्टी और दस्त के चलते आनन-फानन में स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया। यहां पर चिकित्सक ने मोनू, निशांत, जुगनु, दीपक, आशु समेत सभी आठ बच्चों का उपचार किया। इससे बच्चों को राहत मिली। इसके बाद उन्हें घर भेज दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि समारोह में मिठाई बनवाने के लिए मावा ग्राम जसड़ सुल्तान नगर से मंगवाया गया है। यह गांव पहले से ही नकली मावा बनाने को लेकर चर्चा में रहा है। हालांकि इस बाबत ग्राम प्रधान पति ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है।
मुख्य बातें
छुर गांव में आयोजित समारोह में दावत में शरीक हुए थे सभी बच्चे
स्थानीय चिकित्सक से उपचार कराने के बाद बच्चों को घर भेजा