उपद्रव के बीच मददगार बने युवा
मेरठ। सोमवार को जहां जगह-जगह युवक उपद्रव कर रहे थे तो दूसरी तरफ उन्हीं की उम्र के युवक बवाल में फंसे लोगोें की मदद में जुटे थे। विद्या कालेज के छात्र-छात्राओं की बस भोला मोड़ पर बवाल में फंस गई। चालक ने बस भोला रोड पर ही खड़ी कर दी। बीच रास्ते फंसी छात्राएं काफी डर गईं। परिजनों को कॉल की। लेकिन बवाल की वजह से परिजन भी नहीं आ सकते थे। ऐसे में आसपास के युवकों ने सभी को अपने घरों में सुरक्षित ठहराया। छात्र स्पर्श, कुशाग्र, मधुर और छात्रा पूर्वी ने बताया कि माहौल देखकर वे घबरा गई थीं। लेकिन ग्रामीणों ने अपने बच्चों की तरह उनकी मदद की।
छात्रों ने बचाई महिला की जान
मेरठ। उपद्रवियों ने बागपत बाईपास पर रोडवेज बस को तिरछी खड़ी कर तोड़फोड़ की और फिर लॉक कर चाबी लेकर चले गए। रोड जाम हो गई। इसी दौरान परतापुर की ओर से आई एक एंबुलेंस जाम में फंस गई। इसमें एक गर्भवती महिला प्रसव पीड़ा से कराह रही थी, जिसे कंकरखेड़ा के अस्पताल लेकर जाना था। एमआईईटी कॉलेज के कुछ छात्रों ने बस का स्टेयरिंग लॉक तोड़ कर उसे सड़क हटवाया तो जाम खुल गया। इंस्टीट्यूट के मीडिया मैनेजर अजय चौधरी ने बताया कि कालेज प्रशासन ने भी छात्राें के सहयोग की सराहना की।