गुड फ्राइडे पर चर्चों में हुई प्रार्थना सभाएं
मेरठ। गुड फ्राइडे के अवसर पर महानगर स्थित सभी चर्चों में प्रार्थना सभाएं आयोजित हुईं। भक्तों ने प्रभु यीशु को याद कर उनके द्वारा समस्त मानव जाति के दिए गए बलिदान से सभी को अवगत कराया।
सेंट फ्रांसिस, सेंट पॉल मैथोडिस्ट, सेंट थॉमस, इवेन्जलीकल क्रिश्चियन चर्च में सुबह के समय प्रार्थना सभा हुई। शास्त्रीनगर स्थित इवेन्जलीकल क्रिश्चियन चर्च में पादरी डेनियाल मसीह ने कहा कि प्रभु ईसामसीह ने समस्त मानव जाति के पापों को लेकर क्रूस पर स्वयं को बलिदान किया। यह बलिदान ईसामसीह पर आस्था व विश्वास और मोक्ष का कारण भी बनता है। उन्होंने कहा कि इस दिन ईसामसीह ने सात संदेश दिए। इन संदेशों को सुनने से वास्तव में परमेश्वर के असीम प्रेम का अनुभव होता है। मोक्ष की प्राप्ति कितनी सहज है, यह भी समझ पाते हैं। प्रभु यीशु ने अपने संदेश में कहा कि पिता इन्हें क्षमा कर क्योंकि ये नहीं जानते कि क्या कर रहे हैं। अर्थात जो लोग यीशु को यातनाएं दे रहे थे और मजाक उड़ा रहे थे, वह नहीं जानते थे कि यह बलिदान हमारे पापों के लिए ही है। लेकिन यीशु ने उन्हें माफ कर दिया।
सेंट पॉल मैथोडिस्ट चर्च में रैव्ह. डीपी लाल ने कहा कि यीशु ने समस्त मानव जाति के कल्याण के लिए अपने प्राणों का बलिदान कर दिया। इस दिन को मसीह समाज गुड फ्राइडे के रूप में मनाता है। उन्होंने प्रभु यीशु के सातों वचनों को बताया। इस अवसर पर संयोजक अखिल कौशिक, क्लैमेट मुथैया, अमन मसीह, ज्योति मसीह, अभिनव कौशिक, एडविन मसीह, आशीष रोबर्ट आदि मुख्य रहे।