मेरठ। पीवीवीएनएल अधिकारी ही सरकार की प्राथमिकताओं वाली योजनाओं को पलीता लगाने में लगे हैं। पीवीवीएनएल में उपभोक्ता की मांग पर तुरंत कनेक्शन नहीं देने की शिकायत लगातार बढ़ती जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कंपनी एमडी पवन कुमार ने शुक्रवार को अधिकारियों को बुलाकर कड़ी फटकार लगाई और कनेक्शन देने में विलंब करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी।
सरकार का लक्ष्य सभी घरों में बिजली पहुंचाने का है। इसके तहत अधिकारियों को आवेदन के बाद तीन दिन के अंदर कनेक्शन करने के आदेश दिए गए हैं। लेकिन पीवीवीएनएल में इसका पालन होता दिखाई नहीं दे रहा है। आवेदकों को तीन दिन में तो क्या सप्ताह में भी कनेक्शन नहीं मिल पाता है। इसकी हकीकत एमडी के सामने तब आई जब उन्होंने कंपनी के कई जिलाें के बिजलीघरों और विद्युत कैंपों का दौरा किया। एमडी ने शुक्रवार को कंपनी के तमाम आला अधिकारियों की बैठक लेकर कनेक्शनों के लिए आए आवेदन और उनकी पेंडेंसी की समीक्षा की। पवन कुमार ने कहा कि सबसे ज्यादा शिकायत कनेक्शन में हो रही देरी की मिल रही है। इसके बाद बिलों में संशोधन नहीं होने और उपभोक्ताओं तक गलत बिल पहुंचाने के मामले मिल रहे हैं। अगर इसे दुरुस्त नहीं किया गया तो दोषी अधिकारी फील्ड में नहीं रह पाएगा।
एसडीओ पर की कार्रवाई, अटैच किया
कनेक्शन नहीं देने और बिलों की त्रुटियां दूर नहीं करने की शिकायत पर एमडी पवन कुमार ने सरधना क्षेत्र के एसडीओ राजमणी कल्याण पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। आदेश पर अमल करते हुए एसडीओ को वहां से हटाकर परीक्षण खंड मेरठ से अटैच कर दिया है।
खास बात
पीवीवीएनएल एमडी ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को लगाई कड़ी फटकार