दिन में थोड़ा गरम, रात में नरम हो रहा मौसम
मोदीपुरम। दिन में थोड़ा गरम मौसम रात में बदलता जा रहा है। दिन-रात का मौसम स्थिर चल रहा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में दिन की अपेक्षा न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे कमी होती जाएगी
पिछले दिनों लगातार दो दिन हुई बारिश से उमस कम हुई तो रात में ओस पड़ने से नमी बढ़ गयी है। वहीं, दिन में चल रही हवा भी गर्मी के असर को काफी हद तक कम करने का काम कर रही है। दो दिनों से जहां दिन का तापमान 34 डिग्री के आसपास चल रहा है, वहीं न्यूनतम तापमान भी 22 और 23 डिग्री के बीच रहा। मौसम विज्ञान केंद्र पर अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री व न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम आर्द्रता 80 व न्यूनतम 55 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन. सुभाष का कहना है कि मौसम में धीरे-धीरे परिवर्तन दिखाई दे रहा है। रात का मौसम बदलने के साथ सर्दी का असर भी आने वाले सप्ताह में थोड़ा बढे़गा।