मेरठ कॉलेज की एकेडमी खोलने की तैयारी
मेरठ। मेरठ कॉलेज चार खेलों की एकेडमी खोलने की तैयारी कर रहा है। एकेडमी खुलने से क्षेत्र के खिलाड़ियों को लाभ होगा। मेरठ के अलावा आसपास के जिलों के खिलाड़ियों को सस्ते में अच्छी ट्रेनिंग मुहैया कराई जाएगी। अगले साल बीपीएड कोर्स शुरू करने की भी योजना है।
मेरठ कॉलेज के खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन करते रहे हैं। ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी पर सीसीएसयू को मेडल दिलाते रहे हैं। पिछले सत्र में हुई क्रिकेट की विजी ट्रॉफी में चैंपियन बनने वाली टीम में तीन खिलाड़ी मेरठ कॉलेज के छात्र थे। एथलेटिक्स, तीरंदाजी, वालीबॉल और फुटबॉल में अच्छे खिलाड़ी निकले हैं। कॉलेज मैनेजमेंट ने हॉकी, वालीबॉल, फुटबॉल और कबड्डी के लिए एकेडमी खोलने पर सहमति जता दी है। खेल दिवस पर मेरठ कॉलेजिएट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. राम कुमार गुप्ता ने इसकी घोषणा भी की थी। विक्टोरिया पार्क में एकेडमी खोले जाने का प्रस्ताव है। यह काम होने से चार खेलों में अच्छे खिलाड़ी मेरठ से निकलेंगे। प्रोफेशनल ट्रेनर से उनको कोचिंग दिलाई जाएगी। खिलाड़ी जो ट्रेनिंग के लिए निजी कॉलेज और सेंटरों के पास जाते हैं, वह मेरठ कॉलेज आएंगे। कॉलेज की योजना सेल्फ फाइनेंस कोर्स के रूप में बीपीएड (बैचलर इन फिजिकल एजूकेशन) कोर्स की मान्यता लेने की है।
खास बात
हॉकी, वालीबॉल, फुटबाल और कबड्डी के खिलाड़ियों को मिलेगी ट्रेनिंग