सरधना। सरधना क्षेत्र के सलावा गांव में कई दिन से बीमार चल रहे एक युवक की शुक्रवार को मौत हो गई। युवक की मौत के बाद शनिवार को आई जांच रिपोर्ट में युवक को कोरोना की पुष्टि हुई। वहीं सरधना में शनिवार को जांच के दौरान एक महिला कोरोना पॉजिटिव मिली।
सलावा निवासी अफसर(40) कई दिन से बीमार चल था। परिजनों ने मेरठ स्थित एक निजी अस्पताल में उसकी कोरोना की जांच कराई थी। शुक्रवार को युवक की मौत हो गई। परिजनों ने उसका शव सुपुर्द ए खाक कर दिया। वहीं शनिवार को आई रिपोर्ट में युवक को कोरोना की पुष्टि हुई। इसका पता चलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सीएचसी प्रभारी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि सलावा में दो बार कैंप लगाकर कोरोना की जांच कराई जा चुकी है। युवक अफसर ने कैंप में जांच नहीं कराई थी। युवक के परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। जल्द ही उनका सैंपल भी जांच के लिए भेजा जाएगा। वहीं सरधना में शनिवार को भी स्वास्थ्य विभाग की टीम के द्वारा कोरोना सैंपलिंग अभियान चलाया गया। 121 लोगों की सैंपलिंग की गई। इसमें एक महिला की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। मोहल्ला किलाखेवान निवासी एक महिला कुछ दिन से मायके में आई हुई हैं, उसकी शनिवार को सैंपलिंग कराई गई तो वह पॉजिटिव मिली। सीएचसी प्रभारी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि महिला को मेरठ स्थित अस्पताल भिजवा दिया है।