किनौनी में मेढ़ के झगडे़ में चार लोग घायल
रोहटा। थाना क्षेत्र के किनौनी गांव में खेत की मेढ़ को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के बाद लाठी-डंडों चले। जिसमें दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए। थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
गांव किनौनी निवासी महेश पुत्र धनू सिंह और महकार पुत्र बाबूराम के खेत आसपास हैं। रविवार को खेत की मेढ़ को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। विवाद के बाद गांव के कुछ लोगों की मौजूदगी में खेत की मेढ़ की नापतौल कराई जा रही थी। दोनों पक्ष कहासुनी के बाद गाली गलौज पर आमादा हो गए और एक दूसरे को अंजाम भुगतने की धमकी देकर चले गए। कुछ देर बाद दोनों पक्ष हाथों में लाठी-डंडे लेकर आए और एक-दूसरे से भिड़ गए, जिसमें दोनों पक्षों के चार लोगों को चोटें आई हैं। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर एक पक्ष के महेश व रघुवर व दूसरे पक्ष के महकार व प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, थाना क्षेत्र के डूंगर गांव निवासी मोहनलाल पुत्र रमेश चंद को कोर्ट में विचाराधीन मुकदमों में हाजिर न होने पर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।