मेरठ। कोरोना से बचाव के लिए टीकाकरण किया जा रहा है। मंगलवार को 102 सत्रों पर 3849 और लोगों को टीका लगाया गया। इनमें 3202 लोग 60 साल से ज्यादा उम्र वाले, 647 लोग 45 साल से अधिक और 59 साल से कम उम्र के रहे।
मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल समेत सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर 76 सत्र लगाकर टीकाकरण किया गया। जबकि 26 निजी अस्पतालों में टीकाकरण किया गया। सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर 3311 लोगों का टीकाकरण हुआ, जबकि निजी स्वास्थ्य केंद्रों पर 538 लोगों को टीका लगा। इस दौरान 50 डोज नष्ट करनी पड़ीं। 138 लोगों को बूस्टर डोज भी लगी। अब मेडिकल, जिला अस्पताल और 12 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर सोमवार से शनिवार तक टीकाकरण किया जाएगा। जबकि अन्य 74 सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों जिनमें पीएचसी और अर्बन हेल्थ सेंटर शामिल हैं, इन स्थानों पर 3 दिन सोमवार, बृहस्पतिवार और शुक्रवार को टीकाकरण किया जाएगा।
40 निजी अस्पतालों में भी होगा टीकाकरण
अब टीकाकरण के लिए 40 निजी अस्पतालों को भी शामिल कर लिया गया है, अभी तक 26 निजी अस्पताल शामिल थे। सीएमओ डॉ. अखिलेश मोहन ने बताया कि टीकाकरण को बढ़ाए जाने के उद्देश्य से ऐसा किया जा रहा है। सरकारी अस्पतालों में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और ऑन द स्पॉट रजिस्ट्रेशन दोनों सुविधाएं हैं, जबकि निजी अस्पताल में रजिस्ट्रेशन सिर्फ ऑनलाइन ही मान्य है।
-----
महाराष्ट्र से आए 14 लोगों के सैंपल लिए
रेलवे स्टेशन पर महाराष्ट्र से आए 14 लोगों के आरटीपीसीआर जांच के लिए सैंपल लिए गए। सीएमओ का कहना है कि उन्होंने रेलवे अधिकारियों से केरल और महाराष्ट्र से आने वाले यात्रियों की जानकारी मांगी थी, लेकिन उनका कहना है कि यह जानकारी शासन स्तर पर ही मिल सकती है। अब इस संबंध में प्रमुख सचिव को पत्र लिखा जाएगा। इससे जो लोग महाराष्ट्र या केरल से आएं उनके घर पर ही सैंपल लिए जा सकें।