- डीएम और एसएसपी ने चर्च मेले की सुरक्षा व्यवस्था का भी लिया जायजा
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी 38 शिकायतें अधिकारियों के सामने रखीं। जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने चार शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपकर समय सीमा के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस में चकरोड से अवैध कब्जा हटवाने, भूमि की पैमाइश कराने और पेंशन दिलाने के अलावा पुलिस, राजस्व, समाज कल्याण, विकास और चकबंदी विभाग से संबंधित मामले उठाए गए। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों में नहीं, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि के आधार पर किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में लापरवाही और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समाधान दिवस के बाद डीएम डॉ. वीके सिंह और एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने सरधना स्थित ऐतिहासिक चर्च में लगने वाले वार्षिक मेले की तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया। साथ ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को यातायात व्यवस्था सुचारु रखने, भीड़ नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान सीडीओ नूपुर गोयल, सीएमओ डॉ. राम प्रसाद, एसडीएम उदित नारायण सेंगर, पीडी डीआरडीए सुनील कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।