वर्ष 2022 तक हर सिर पर छत हो, इस दिशा में काम करने का प्रयास कर रहे मेरठ विकास प्राधिकरण को बड़ी सफलता मिली है। हुडको ने इस बाबत 35 करोड़ रुपये का ऋण मंजूर कर दिया है। अब एमडीए जब चाहे पैसा लेकर इस पर काम शुरू कर सकता है। एयरपोर्ट एंकलेव में सबसे पहले इस योजना को लागू करने का प्लान बनाया जा रहा है।
दरअसल यह प्रधानमंत्री आवास योजना है। इसके तहत वर्ष 2022 तक देश में दो करोड़ आवास बनाए जाने हैं। सभी प्रदेश को इसमें शामिल किया गया है। प्रदेश सरकार इस पर काम कर रही है। एमडीए को गंभीरता से इस पर काम करने को कहा गया है। एमडीए एयरपोर्ट एंकलेव में 480 आवास बना रहा है। चार मंजिला इन फ्लैट का कॉरपेट एरिया लगभग साठ मीटर है। रकम है बीस से 23 लाख तक। इस योजना पर एमडीए इसे लागू करने की बात कह रहा है।
छह लाख के लोन पर मिलेगी छूट
इस योजना का लाभ उन आवंटियों को मिलेगा जिनकी अधिकतम सालाना आय छह लाख रुपये है। पहले यह सीमा एक लाख रुपये रखी गई थी पर अब इसे बढ़ाया गया है। ऋण चाहे कितना भी लिया जाए पर छूट छह लाख रुपये तक के लोन पर ही मिलेगी। छह लाख में दो लाख बीस हजार रुपये की छूट दी जाएगी। यानी जितनी आय है उतने ही लोन पर छूट मिलेगी।
एमडीए की तैयारी पूरी
कई बार बैठक होने के बाद हुडको ने 35 करोड़ का ऋण स्वीकृत कर दिया है। अब एमडीए इस तैयारी में है कि इस योजना को अमली जामा पहना दिया जाए। अहम यह है कि इस समय रियल एस्टेट में मंदी चल रही है। ऐसे में यदि एमडीए इस ऋण को लेता है तो पूरी तरह से इसके नफा नुकसान का आंकलन करना होगा।