तैयार हुई एलिवेटिड रोड, आसान होगा दिल्ली का सफर
मेरठ/ गाजियाबाद। यूपी गेट से राजनगर एक्सटेंशन करहेड़ा तक बनी देश की सबसे लंबी सिंगल पिलर एलिवेटेड रोड का उद्घाटन करने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हिंडन एयरफोर्स स्टेशन से करहेड़ा होते हुए एलिवेटेड रोड पहुंचे। फीता काटकर मंत्रोच्चार के बीच शिलापट का लोकार्पण और नारियल फोड़कर विधिवत एलिवेटेड रोड का उद्घाटन किया। सीएम ने सफर कर रोड का जायजा भी लिया। उद्घाटन होते ही एलिवेटेड रोड पर वाहन फर्राटा भरने लगे। इस एलिवेटिड रोड के संचालित होने मेरठ से दिल्ली जाने वाले लोगों को भारी सहुलियत मिलेगी। राजनगर से आगे जाम से अब मुक्ति मिल जायेगी।
करीब 21 दिन की उठापठक के बाद यूपी गेट से राजनगर एक्सटेंशन करहेड़ा तक बनी 10.30 किलो मीटर लंबी एलिवेटेड रोड का आखिरकार उद्घाटन हो गया। मुख्यमंत्री एलिवेटेड रोड के उद्घाटन कार्यक्रम में केवल 10 मिनट ठहरे। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का काफिला एक घंटा की देरी से हिंडन एयरफोर्स स्टेशन से होते हुए शुक्रवार सुबह 11.22 बजे एलिवेटेड रोड पर पहुंचा। सीएम के साथ केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री व सांसद वीके सिंह और राज्यसभा के नवनिर्वाचित सांसद डा. अनिल अग्रवाल भी पहुंचे। रोड के निरीक्षण के बाद सुबह 11.32 मिनट पर सीएम का काफिला रामलीला मैदान कविनगर के लिए रवाना हो गया।
शहर की लाइफलाइन बनेगी एलिवेटेड रोड
1147.60 करोड़ में तैयार हुई सिंगल पिलर एलिवेटेड अर्से से जाम का झाम झेल रहे शहरवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। रोड से शहरवासी 10 मिनट में सीधे दिल्ली पहुंच सकेंगे। इससे शहर के साथ मेरठ से आने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। रोड शुरू होने से जीटी रोड, मेरठ रोड, लिंक रोड, कनावनी पर वाहनों का दबाव अब कम हो जाएगा। एलिवेटेड रोड पर दो पहिया वाहनों की गति 60 और चार पहिया वाहनों की गति 80 किलो मीटर निर्धारित की गई है।
खास बातें:
देश की सबसे लंबी एलिवेटेड रोड का सीएम ने किया सफर
10 मिनट एलिवेटेड रोड पर रुके सीएम, मंत्रोच्चार के बीच लोकार्पण, फोड़ा नारियल
उद्घाटन के बाद एलिवेटेड रोड पर आरओबी तक गया मुख्यमंत्री का काफिला