बाइक लूटकर भाग रहे दो बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार
सहारनपुर। गंगोह थाना क्षेत्र में बाइक लूटकर भाग रहे दो बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार बदमाश 15-15 हजार रुपये के इनामी है। मुठभेड़ में एक बदमाश और एक पुलिस कर्मी गोली लगने से घायल हो गया। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया।
मुठभेड़ बुधवार रात करीब साढ़े दस बजे हुई। गांव बढ़ी माजरा निवासी जुल्फान निवासी पल्सर बाइक से अपने गांव लौट रहा था। इस दौरान रास्ते में बाइक सवार बदमाशों से उससे बाइक और नकदी लूट ली। सूचना पर पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी की, इस दौरान गांव धलापड़ा के पास बदमाशों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पकड़े गए बदमाशों में जगपाल उर्फ जग्गू निवासी शीतलपुर और लीला फंदपुरी है। जग्गू के पैर में गोली लगी है। इस दौरान एक सिपाही विनोद भी घायल हुआ है। बदमाशों के पास से एक पिस्टल और लूटी गई बाइक बरामद हुई है। पुलिस ने बताया कि हाल ही में जगपाल उर्फ जग्गू सहारनपुर में पेशी पर ले जाई जा रही अपनी प्रेमिका को पुलिस कस्टडी से छुड़ाकर फरार हो गया था।