शहर के सभी मंदिरों में होगा जलाभिषेक, गूंजेंगे भोले के उद्घोष
मेरठ। सावन के पहले सोमवार को आज महानगर के सभी शिवालय बम बम भोले के उदघोष से गूंज उठेंगे। सभी शिवालय सजकर तैयार हैं। दिन निकलते ही शिवभक्त जलाभिषेक करेंगे। सावन मास में सोमवार का व्रत रखने का भी बड़ा महत्व है।
बाबा औघड़नाथ मंदिर, बाबा बिल्वेश्वर नाथ महादेव मंदिर सदर, झारखंडी बाबा मंदिर नगर निगम, मनोहरनाथ मंदिर सूरजकुंड, गोल मंदिर शास्त्रीनगर, शिव चौक मंदिर आरजी कालेज के निकट, शिव चौक मंदिर कंकरखेड़ा, मंदिर महादेव कंकरखेड़ा, शिव मंदिर मोदीपुरम में जलाभिषेक होगा। बाबा औघड़नाथ मंदिर में शिव भक्तों की सुविधा के लिए बेरिकेटिंग की व्यवस्था की गई है। साथ ही जल चढ़ाने के लिए लोटे, चंदन आदि की भी व्यवस्था है। ज्योतिषाचार्य डा. अनुराधा गोयल का कहना है कि इस बार का श्रावण मास काफी शुभ है। माह में पांच सोमवार पड़ रहे हैं। सावन सोमवार से ही शुरुआत हो रही है और सावन मास का अंत भी सोमवार से ही होगा। ऐसा योग सैकड़ों साल में आता है। सावन के सोमवार को बाबा भोलेनाथ की विधि विधान से पूजा करने से मनवांछित फल मिलता है। आज पूजन का शुभ समय सुबह 9 बजकर 25 मिनट से दोपहर 11.22 मिनट तक और शाम 6.20 बजे से रात्रि 8.44 तक रहेगा।
24 घंटे होगी निगरानी
एसपी सिटी मान सिंह चौहान के अनुसार औघड़नाथ मंदिर क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा की गई है। मंदिर परिसर में अस्थायी पुलिस चौकी बनाई गई है। इसमें 24 घंटे एक सब इंस्पेक्टर और तीन पुलिस कर्मी रहेंगे। निगरानी के लिए मंदिर में एक वाच टावर बनाया जा रहा है। महिला और पुरुष पुलिस कर्मी सादा कपड़ों में मौजूद रहेंगे।