25 साल पुरानी यादें होंगी ताजा... चिकित्सक करेंगे धमाल
मेरठ। लाला लाजपत राय स्मारक मेडिकल कॉलेज में 25 दिसंबर को पुराने स्टूडेंट्स (चिकित्सक) धमाल करेंगे। दरअसल, मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस 1994 बैच के मेडिकल स्टूडेंट्स अपनी रजत जयंती आयोजित करेंगे। इसमें बॉलीवुड गायिका तुलसी कुमार प्रस्तुति देंगी।
मेडिकल कॉलेज ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन (ओएसए) के अध्यक्ष डॉ. विकास अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम में 2019 वर्ष के प्रोफेशनल टॉपर्स 1969 बैच के गुरुओं जिनकी यह गोल्डन जुबली होगी, उन्हें गीता भेंट कर सम्मानित करेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जिनमें भारतीयता की झलक दिखाई देगी। कार्यक्रम का समापन 1995 बैच को ओएसए 2020 के बैच को मशाल सौंपकर होगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में चिकित्सक, उनकेपरिवार के सदस्य आदि शिरकत करेंगे। अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड से भी डॉक्टर आएंगे, जो अब वहां अपना आशियाना बना चुके हैं। कुछ डॉक्टर मंगलवार को मेरठ आ जाएंगे। इस दौरान डॉ. हरीओम त्यागी, डॉ. विपिन धामा, डॉ. प्रदीप, डॉ. आलोक, डॉ. महेश, डॉ. नीरज और डॉ. विनय उपस्थित रहे।