- पकड़े गए युवक को छोड़ने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। लोन जमा करने के लिए बैंक खाते से निकालकर लाई गई ढाई लाख रुपये पीड़ित ने चोरी किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित का आरोप है कि एक आरोपी पकड़कर पुलिस को सौंपा लेकिन पुलिस ने उसे बिना कार्रवाई छोड़ दिया। पीड़ित ने एसएसपी से शिकायत करने की बात कही है।
गांव मंडौरा निवासी कृपाल सिंह ने बताया कि वह सिवाया गांव स्थित एक बंद पड़े अस्पताल में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत है। उसके अनुसार वह बैंक का लोन जमा करने के लिए दूसरे बैंक से करीब ढाई लाख रुपये निकालकर अपने कमरे पर लाया था। आरोप है कि 17 अप्रैल को सात युवक उसके कमरे में घुस आए और नकदी चोरी कर भागने लगे। आहट होने पर वह जाग गया। छह युवक दीवार फांदकर भाग निकले, जबकि एक युवक दीवार नहीं फांद सका। मौके पर एकत्रित हुए ग्रामीणों ने युवक को पकड़ लिया, जिसे पुलिस के हवाले कर दिया। आरोप है कि पुलिस ने पकड़े गए युवक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की और उसे छोड़ दिया। कृपाल सिंह ने बताया कि वह मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से कर न्याय की मांग करेगा। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। जानकारी की जाएगी।