बहसूमा। क्षेत्र के गांव मोड खुर्द निवासी कालूराम ने गांव के ही दूसरे समुदाय के लोगों पर बरात के साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मोड खुर्द निवासी कालूराम ने दी तहरीर में बताया कि उसकी भतीजी की बरात थाना टीपीनगर के शिवपुरम से मंगलवार को आई थी। खाना खाने के बाद बरात की चढ़त शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान दूसरे समुदाय के फारूक अपने साथियों के साथ कार में सवार हो पीछे से आए और बरातियों के साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट पर उतारू हो गए। बरात में आई महिलाएं भी उनकी गालियों से शर्मसार हो गई। आरोपी जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर मारपीट करने लगे। वहां से जान बचाकर दूल्हा पक्ष के लोग घर पहुंचे। इस दौरान कुछ संभ्रांत लोगों ने समझौते की कोशिश की लेकिन आरोपियों ने दबंगई दिखाते हुए उन्हें घर से भगा दिया। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है। सीओ मवाना पंकज लवानिया का कहना है कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।