नया गांव-मखदूमपुर मार्ग का चौड़ीकरण कार्य फिर रुकने से दर्जनों गांव परेशान, ग्रामणों में गुस्सा
बारिश में सड़क की हालत और खराब हुई, हादसों की आशंका
शिकायत के बाद भी नहीं हो रही कार्रवाई
मार्ग का चौड़ीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। नए गांव से मखदूमपुर तक खादर क्षेत्र के 22 किलोमीटर लंबे मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य एक बार फिर रोक दिए जाने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। करीब दस माह पहले शुरू हुई इस परियोजना में कई बार काम शुरू और बंद हो चुका है। जिससे ग्रामीण गुस्से में हैं। उनका कहना है कि अधूरे निर्माण के कारण सड़क की हालत और खराब हो गई है। जिससे आवागमन जोखिम भरा हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार करीब 15 दिन पहले मखदूमपुर की ओर से सड़क चौड़ीकरण का कार्य दोबारा शुरू हुआ था। लगभग दो किलोमीटर तक निर्माण कराने के बाद विभाग ने फिर काम बंद कर दिया। बरसात में सड़क पर गड्ढे, कीचड़ और उखड़ी सतह के कारण वाहन चालकों व राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
यह मार्ग मखदुमपुर, बस्तोरा नारंग, दुधली, चेतावाला, लतीफपुर, बामनोली, तारापुर समेत खादर क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण इस मार्ग से आवागमन करते हैं। खराब सड़क के कारण आए दिन छोटे-बड़े सड़क हादसे हो रहे हैं, जिससे लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार संबंधित अधिकारियों से कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। यदि यहां कोई हादसा होता है तो उसका जिम्मेदार लोकनिर्माण विभाग और प्रशासन होगा।
करीब दस महीने से सड़क का काम अधूरा है। कई बार निर्माण शुरू हुआ, लेकिन फिर बंद कर दिया गया।
संतराम कुन्हेड़ा
कॉलेज आने-जाने में दिक्कत होती है। सड़क पर गड्ढे और कीचड़ होने से हादसे का डर बना रहता है।
पंकज ठाकुर, सराय खादर
खराब सड़क के कारण वाहन भी जल्दी खराब हो रहे हैं। हर रोज दुर्घटना हो रही है काम अधूरा छोड़ना लोगों के साथ अन्याय है। प्रशासन को कार्रवाई करनी चाहिए।
सरदार सुंदर सिंह फाजलपुर
मैं रोज इस मार्ग से गुजरता हूं। सड़क की हालत इतनी खराब है कि हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लोक निर्माण विभाग मनमानी कर रहा है।
रामपाल हस्तिनापुर
वर्जन
लोक निर्माण विभाग को निर्माण पूरा करने के लिए दो बार लिखित में पत्र भेजा जा चुका है। फिर कहा जा रहा है। यदि निर्माण कार्य पूरा नहीं होता तो कार्रवाई की जाएगी।
संतोष कुमार, उप जिलाधिकारी मवाना
रामपाल
रामपाल
रामपाल
रामपाल