- एनसीआरटीसी की तरफ से रैपिड रेल का कार्य किया जा रहा तेज
- एनसीआरटीसी ने वेबसाइट पर अपलोड किया टेंडर
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। एनसीआरटीसी की तरफ से रैपिड रेल का कार्य तेजी से किया जा रहा है। पहले चरण में साहिबाबाद से दुहाई तक शुरू होने वाले निर्माण कार्य के लिए टेंडर कार्य लगभग पूरा हो गया है। इसका निर्माण कार्य 23 मई के बाद कभी-भी शुरू किया जा सकता है। वहीं, दूसरे चरण में मेरठ में शुरू होने वाले कार्य के लिए सड़क चौड़ीकरण टेंडर की शुरूआत कर दी गई है। एनसीआरटीसी ने पोर्टल पर मेरठ बाईपास से शताब्दीनगर तक सड़क चौड़ीकरण का टेंडर अपलोड कर दिया है। इसकी बिड के लिए अंतिम तिथि 19 जून तय की गई है।
दिल्ली से मेरठ रैपिड रेल के लिए तैयारिया जोरों पर चल रही हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान भी प्रोजेक्ट की रफ्तार बढ़ाने के लिए तेजी से कार्य चलता रहा। लखनऊ में प्रमुख सचिव की अध्यक्षता में आयोजित की गई बैठक में भी प्रोजेक्ट से जुड़े सभी विभागों को तय समय पर जमीन उपलब्ध कराने के निर्देश दे दिए गए थे। जिससे प्रोजेक्ट रफ्तार के साथ आगे बढ़ता रहे। इस दौरान भैंसाली बस अड्डे पर रैपिड के लिए जमीन देने पर भी वार्ता की गई थी। जिससे यहां रैपिड का स्टेशन बनाया जा सके। यहां भी 7524 वर्ग मीटर जमीन की मांग एनसीआरटीसी की तरफ से की गई है।
जाम से मिलेगी निजात
एनसीआरटीसी कार्य शुरू करने से पहले सड़क चौड़ीकरण कार्य पूरा करना चाहता है। जिससे निर्माण कार्य शुरू होने से पहले आम लोगों को जाम न झेलना पड़े। इसके लिए ही मेरठ बाईपास से शताब्दीनगर तक सड़क चौड़ीकरण का टेंडर निकाला गया है। हाल ही में दिल्ली रोड पर मिट्टी की जांच के लिए लगाए गए बैरियर से अवरोध पैदा होने से जाम की स्थिति बन गई थी।
गुरुग्राम कॉरिडोर पर भी फाइनल लोकेशन सर्वे
इसके अलावा रैपिड के दिल्ली-गुरुग्राम और सरायकाले खां-शहाजहांनपुर कॉरिडोर के लिए भी टेंडर अपलोड कर दिया गया है। इस कॉरिडोर के फाइनल लोकेशन सर्वे और टोपोग्राफिक सर्वे के लिए टेंडर निकाला गया है। इस कॉरिडोर के बनने के बाद आप मेरठ से सीधे गुरुग्राम भी रैपिड से पहुंच सकेंगे।