होटल हारमनी पर नगर निगम ने किया नोटिस चस्पा
मेरठ।
होटल हारमनी पर शुक्रवार को नगर निगम ने भवन कर बकाये का नोटिस चस्पा कर दिया। इसमें 15 दिन के भीतर भुगतान न करने पर कुर्की वारंट जारी करने की चेतावनी दी गई है। नोटिस में दो साल के भवन और जल कर के रूप में 15.49 लाख रुपये से ज्यादा का बकाया दर्शाया गया है।
नगर निगम के कर अधीक्षक द्वारा होटल हारमनी पर नोटिस चस्पा कराया गया है। यह नोटिस होटल मालिक हिमांशु पुरी के पिता ताराचंद पुरी के नाम जारी हुआ है। इसमें कुल 1549280 रुपये की देनदारी दर्शाते हुए 15 दिन के भीतर भुगतान करने या भुगतान न करने का कारण बताने का निर्देश दिया गया है। यदि ऐसा नहीं होता है तो 15 दिन बाद नगर निगम उक्त राशि की व्यय सहित कुर्की वारंट जारी कर देगा। नोटिस 3 मई को जारी किया गया था, लेकिन नोटिस लेने के लिए किसी के भी मौजूद न होने पर उसे होटल के बाहर चस्पा कर दिया गया।
रिलायंस कैपिटल के बाद पहली देनदारी आई सामने
होटल हारमनी पर पहला नोटिस रिलायंस कैपिटल ने 24.50 करोड़ की देनदारी का चस्पा किया था। यही नहीं रिलायंस कैपिटल नीलामी की प्रक्रिया भी शुरू कर चुका है। जबकि दूसरा नोटिस अब नगर निगम द्वारा चस्पा किया गया है। जिसमें 15.49 लाख रुपये की देनदारी होटल हारमनी पर भवन और जल कर की दर्शाई गई है।
जीएसटी विभाग का है इंतजार
जीएसटी विभाग मार्च माह में होटल हारमनी में छापा मारकर रिकॉर्ड अपने कब्जे में ले चुका है। सूत्रों के अनुसार जीएसटी विभाग होटल पर देनदारी का ब्योरा तैयार कर रहा है। जिसमें सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण वह डायरी बताई जा रही है, जिसमें बिना किसी बिल के होटल के भीतर पार्टी आयोजित की गई और उनका कोई ब्योरा होटल के खाते में दर्ज नहीं किया गया। ऐसी पार्टियां टैक्स चोरी के लिए आयोजित की गई। इसके साथ ही होटल की तमाम आय के ब्योरे को भी जीएसटी जुटा रहा है। जिसमें पिछले करीब दो साल की देनदारी सामने आ रही है। सूत्रों की मानें तो जीएसटी विभाग की देनदारी 50 लाख या इससे ऊपर तक जा सकती है।