कलक्ट्रेट परिसर की सफाई का रखें विशेष ध्यान
मेरठ।
डीएम अनिल ढींगरा ने शनिवार सुबह 10 बजे कलक्ट्रेट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक कार्यालय में जाकर एक-एक पटल की जानकारी ली। वहीं कलक्ट्रेट परिसर में गंदगी, दीवारों पर पान गुटखा के पीक देखकर नाराजगी जताई और सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा।
शनिवार सुबह डीएम अनिल ढींगरा अपने कार्यालय में पहुंचते ही तुरंत कलक्ट्रेट के निरीक्षण पर निकल पड़े। सबसे पहले रिकॉर्ड रूम पहुंचे, जहां उन्होंने पुराने रिकॉर्ड को दुरुस्त करने के साथ-साथ वहां पर सफाई रखने की बात कही। इसके साथ ही रिकॉर्ड रूम में दोबारा रंगाई पुताई कराने का निर्देश भी कर्मचारियों को दिया। इसके बाद डीएम संयुक्त कार्यालय पहुंचे और कर्मचारियों की टेबल पर उनकी नाम पट्टिका न देखकर नाराजगी जताई। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी कर्मचारी अपने नेम प्लेट टेबल पर जरूर रखें।
अनिल ढींगरा ने कर्मचारियों को निर्देश दिया कि वह निर्धारित समय में उपस्थित होकर आम जनता के प्रति जवाबदेह बनें और उनकी समस्याओं व शिकायतों को तय समय सीमा के भीतर पूरी पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ निस्तारित करें। जिलाधिकारी द्वारा इस दौरान निर्वाचन कार्यालय और एनआईसी का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी नगर मुकेश चंद्र, सिटी मजिस्ट्रेट एमपी सिंह, एएसडीएम संतोष बहादुर, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी बिजेंद्र सिंह, एसएओ देवेश शर्मा, नाजिर सदर सुरेश शर्मा, एओ विजय शर्मा, सुनील जैन, मुकेश कुमार, स्टेनो अरविंद , शिवकुमार आदि मौजूद रहे।