कंकरखेड़ा। हाईवे स्थित शोभापुर गांव के पास सड़क पार कर रही एक महिला को एक कार ने टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे के बाद कार अनियंत्रित हो गई, जिसकी चपेट में आकर बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। इसके बाद कार पलट गई। वहीं हादसे से गुस्साएं लोगों ने जमकर हंगामा किया।
पुलिस के अनुसार शोभापुर निवासी वेद प्रकाश मजदूरी करता है। उसकी पत्नी रोशन (40) बृहस्पतिवार को हाईवे पर सड़क पार कर रही थी। इस बीच तेज गति से आई स्विफ्ट कार ने उसे टक्कर मार दी। इसके बाद कार बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मारते हुए पलट गई। वहीं घटना से गुस्साए महिला के परिजनों व ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा किया। साथ ही कार सवार दो युवकों के पकड़ लिया। इंस्पेक्टर दीपक शर्मा टीम के मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कर दोनों युवकों को हिरासत में लिया। इंस्पेक्टर दीपक शर्मा का कहना है कि परिजनों ने तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भिजवाया है। कार को कब्जे में ले लिया गया है।