‘हवाई हमले में मारे गए आतंकियों के सुबूत दे सरकार’
- जवानों की शहादत, सरकार की नाकामी, हमला हवा हवाई : शाहिद मंजूर
- सपा केपूर्व कैबिनेट मंत्री और शहर विधायक ने भाजपा को कोसा
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। पूर्व कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर ने कहा कि जवानों की शहादत सरकार की नाकामी है। हमारे जो जवान शहीद हुए हैं, उनके पार्थिव शरीर उनके परिजनों को सुपुर्द किए गए हैं। अगर पाकिस्तान का कोई जवान मारा गया है या आतंकी मारे गए हैं तो सरकार उनकेसुबूत दे।
शनिवार को वह पार्टी कार्यालय पर हुई मासिक बैठक और शहर विधानसभा केसेक्टर एवं बूथ प्रभारियों केसम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा जवान अभिनंदन की वापसी को ऐसे दिखा रही है जैसे पाकिस्तान से उसे गन प्वाइंट पर लाया गया है। जबकि सच्चाई यह है कि वह जेनेवा संधि केतहत लाया गया है। अगर पाकिस्तान का जवान यहां होता तो उसे भी ऐसे ही भेजा जाता। भाजपा द्वेष की राजनीति करती है, अब देखना है कि राम मंदिर का निर्माण कराएगी या नहीं।
शहर विधायक हाजी रफीक अंसारी ने कहा कि भाजपा झूठ और जुमलेबाजों की सरकार है। किसान, मजदूर, व्यापारी सब परेशान हैं। देश की सीमा पर जवान शहीद हो रहे हैं और भारतीय जनता पार्टी की केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा शहीदों की लाशों पर राजनीति की जा रही है। सपा बसपा गठबंधन भाजपा का सफाया कर देगा। इस दौरान पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं एवं बूथ प्रभारियों, सेक्टर प्रभारियों से जिम्मेदारियों का सही से निर्वहन करने की अपील की गई। अध्यक्षता समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष चौधरी राजपाल सिंह और संचालन महानगर अध्यक्ष हाजी आदिल चौधरी ने किया। बैठक से पहले शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई और दो मिनट का मौन धारण किया गया।
‘लोकसभा प्रभारी बनाया है, प्रत्याशी नहीं: शाहिद मंजूर
- गठबंधन प्रत्याशी को लेकर कलह आई सामने
- बिजनौर में बदल दिया गया है लोकसभा प्रभारी
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। पूर्व कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर ने कहा कि मेरठ में बसपा ने अभी लोकसभा प्रभारी नियुक्त किया गया है, प्रत्याशी नहीं बनाया है। अभी हाल में बिजनौर का लोकसभा प्रभारी बदल दिया गया है। बसपा यह पता कर रही है कि जहां किसी कमजोर को जिम्मेदारी मिल गई है, उसे हटा दिया जाए। पूर्व मुख्यमंत्री मायावती किसी ऐसे व्यक्ति तो टिकट नहीं देती हैं, जिस पर कट्टरवाद के आरोप हो। कट्टरवाद के आरोपी व्यक्ति से वह बचने की कोशिश करती हैं। यह किसी मेरठ के व्यक्ति के संबंध में नहीं है, एक सामान्य तौर पर बात है। लोकसभा चुनाव में मेरठ से बसपा और सपा गठबंधन का प्रत्याशी चुनाव लड़ेगा। यह सीट बसपा के हिस्से में आई है। बसपा ने लोकसभा प्रभारी हाजी याकूब कुरैशी को बनाया है। बसपा चुनाव से पहले अमूमन प्रभारी ही नियुक्त करती है, बाद में उसी का टिकट फाइनल कर दिया जाता है। सपा के गलियों से यह बात छनकर आ रही है कि गठबंधन प्रत्याशी के लिए मुश्किलें होंगी। शनिवार को पार्टी कार्यालय में हुई सपा की बैठक में शाहिद मंजूर के बयान के बाद गठबंधन प्रत्याशी को लेकर चल रही इस तरह की चर्चाओं को और बल मिलेगा।
महिला नेताओं में हुई कहासुनी
दूसरी तरफ, बैठक के दौरान पार्टी की दो महिला नेताओं में आपस खूब कहासुनी हुई। सूत्रों का कहना है कि पिछले दिनों किसी बात पर दोनों में बहस हुई थी, जो बैठक के दौरान भी कहासुनी का सबब बन गई। बाद में नेताओं ने उन्हें समझाकर शांत किया। बैठक में सीमा प्रधान, हाजी गुलाम मोहम्मद, मोहम्मद अब्बास, हाजी इसरार, शकील भारती, अफजाल सैफी, डॉ. कय्यूम, वसीम राहुल, जितेंद्र गुर्जर, इजहार खान, आदिल सिद्दीकी, चांद सैफी, इरशाद जहां, आसिफ कस्सार, अख्तरी बेगम, मृदुला यादव, नजमा खान, नेहा गौड, अनीता मिलन, शरीफ खान, मेहराज सरताज कुरैशी और शशिकांत गौतम आदि रहे।