गंगानगर (मेरठ)। सीबीएसई नार्थ जोन प्रथम गर्ल्स फुटबाल टूर्नामेंट का आयोजन मवाना रोड ट्रांसलेम एकेडमी में होगा। शनिवार को प्रधानाचार्या पायस जॉन और खेल प्रभारी प्रदीप त्यागी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस बार सीबीएसई नार्थ जोन प्रथम गर्ल्स फुटबाल टूर्नामेंट स्कूल के दो मैदानों पर होगा। इसमें गाजियाबाद, नोएडा, देहरादून, हल्द्वानी, रामपुर, बुलंदशहर आदि जगहों के सीबीएसई स्कूलों के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। बताया कि 18 से 22 सितंबर तक चलने वाले टूर्नामेंट में 17 और 19 महिला वर्ग के फुटबाल मैच स्कूल के दो ग्राउंड पर खेले जाएंगे। पहले दिन 10 मैच, दूसरे व तीसरे दिन 14-14 मैच, चौथे दिन सेमीफाइनल मैच होंगे। पांचवें दिन फाइनल मैच खेले जाएंगे। पूरे टूर्नामेंट में कुल 42 टीमें हिस्सा लेंगी। टूर्नामेंट का शुभारंभ एसएसपी मंजिल सैनी करेंगी। प्रधानाचार्या पायस जॉन ने बताया कि सीबीएसई की तरफ से अनीता त्यागी को आबजर्वर बनाया गया है। प्रतिदिन मैच सुबह 8 से 5 बजे तक खेले जाऐंगे। कोआर्डिनेटर रेनू शर्मा, पीटीआई अजय, नैना वर्मा, मोहित, कबीर, ज्ञान आदि मौजूद रहे।