जेल जाने के डर से हुआ गठबंधन : केशव प्रसाद मौर्य
मेरठ। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि यह चुनाव जातिवाद का नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद और विकासवाद का है। यह चुनाव देश को 100 साल आगे ले जाएगा। सभी को एकजुट होकर भाजपा प्रत्याशी को जिताना है, क्योंकि एक-एक वोट नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने के लिए होगा।
सोमवार को शताब्दीनगर में मेरठ-हापुड़ लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी एवं सांसद राजेंद्र अग्रवाल के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करने आए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आपने 2014 में उत्तर प्रदेश में 73 सीटों पर हमें जीत दिलाई थी। इसके बाद मोदी सरकार ने अनुसूचित, पिछड़ा और अल्पसंख्यक सहित सभी समाज को एक माला में पिरोकर सबको सम्मान व गौरव देने का काम किया। केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार ने जो परिश्रम किया, उसका परिणाम सबके सामने हैं। जो विकास भाजपा सरकार ने पांच साल में कर दिया, वह पिछले 55 साल में नहीं हुआ।
मौर्य ने कहा कि नरेंद्र मोदी देश के ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने अपने कार्यकाल में एक दिन भी अवकाश नहीं लिया। देश की ख्याति पूरी दुनिया में स्थापित करने वाले नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनाने का दूसरा अवसर जनता के पास है। विपक्षी कह रहे हैं कि मोदी को नहीं रहने देंगे, जबकि जनता कह रही है कि हम जाने नहीं देंगे। प्रयागराज कुंभ में बाधा डालने का काम सपा-बसपा सरकार करती थी। पूर्व की सरकारों में कांवड़ लाने वालों पर लाठियां बरसती थीं, लेकिन अब फूूल बरसाए जाते हैं। अगर जनता हमें 325 विधायक नहीं देती तो यह परिवर्तन नहीं आता।
मौर्य ने कहा कि हमने हर किसान का ध्यान रखा है। सालाना 6000 देने का काम हमारी सरकार ने किया। सपा सरकार के समय के गन्ना बकाये का पूरा भुगतान कराया। हमारे देश को सेना के शौर्य पर गर्व है और विपक्षी पार्टियों को सेना पर शक है। अगर उन्हें शक है तो उसका जवाब आपको 11 तारीख को मतदान के द्वारा सर्जिकल स्ट्राइक करके देना है। गठबंधन पर मौर्य ने कहा कि जेल जाने के डर से सभी भ्रष्टाचारी एक हो गए हैं। लेकिन सबको करनी का फल यहीं मिलेगा।
सभा की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल ने की और संचालन सभा के संयोजक दक्षिण विधायक डा. सोमेंद्र तोमर ने किया। सांसद राजेंद्र अग्रवाल, विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल, विधायक सतवीर त्यागी, एमएलसी डा. सरोजनी अग्रवाल, पूर्व विधायक अमित अग्रवाल, पूर्व एमएलसी हरपाल सैनी, लोकसभा संचालन समिति के संयोजक जयकरण गुप्ता, लोकसभा प्रभारी सूर्यप्रकाश पाल, विनीत अग्रवाल शारदा, डा. लोकेश प्रजापति, पूर्व मेयर हरिकांत अहलूवालिया, शिवकुमार राणा, कमलदत्त शर्मा, संजय त्यागी, डा. अंजू वारियर, विनोद हरित, डा. रवि प्रकाश ने भी विचार रखे।
हवाई पट्टी पर किया स्वागत
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का हेलीकाप्टर डा. भीमराव आंबेडकर हवाई पट्टी पर उतरा। यहां महानगर उपाध्यक्ष विवेक रस्तोगी, ललित नागदेव, भाजयुमो के महानगर अध्यक्ष वीनस शर्मा, निशांक गर्ग, देवेंद्र गुर्जर, डा. मीनाक्षी भराला, प्रमोद दीक्षित आदि ने स्वागत किया।
बागी पार्षद ने ज्वाइन की भाजपा
जनसभा में नगर निगम में बागी होकर चुनाव लड़े कंकरखेड़ा क्षेत्र के पार्षद राजेश खन्ना को दोबारा से केशव प्रसाद मौर्य के सामने पार्टी ज्वाइन कराई गई।