गड्ढों में खो गई शंभूदास गेट की सड़क
मेरठ। नौचंदी स्थित शंभूदास गेट से गोला कुआं की ओर जाने वाली सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। सड़क पर इतने गहरे गड्ढे हो गए हैं कि कभी भी कोई अनहोनी हो सकती है। यहां से निकलने वाले लोग सिस्टम को कोसते हुए निकलते हैं। लोगों का कहना है कि शिकायत के बाद भी नगर निगम सड़क बनवाने का नाम नहीं कर रहा है।
शंभूदास गेट से गोला कुआं की ओर जा रही सड़क से रोजाना हजारों लोग गुजरते हैं। यह सड़क बारिश से पहले ही क्षतिग्रस्त होकर गड्डों में बदल गई थी। लेकिन बारिश के बाद इसकी हालत और भी ज्यादा खराब हो गई है। बारिश का पानी गहरे गड्ढों में भर जाता है। कीचड़ से निकलने में वाहन स्वामियों को तो क्या पैदल चलने वाले भी परेशान होते हैं। ऐसा कोई दिन नहीं जाता जब इस रोड के गड्ढों में गिरकर कोई न कोई राहगीर घायल न होता हो। लोगों का कहना है कि उन्होंने यहां के पार्षद से लेकर नगर आयुक्त कार्यालय तक शिकायत की है, लेकिन सड़क की मरम्मत नहीं की जा सकी है। अगर नगर निगम ने यह सड़क नहीं बनवाई तो लोग सड़क जाम कर प्रदर्शन करेंगे।