शराब की दुकान हटवाने को लगाई सीएम से गुहार
देवबंद (सहारनपुर)। नूरपुर निवासी राजकुमार, संजीव, देवेंद्र शर्मा, सुभाष कुमार, सावेज और बिमलेश ने प्राथमिक विद्यालय के बगल में स्थित शराब की दुकान को हटवाने की मांग मुख्यमंत्री से की है। सोमवार को ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को भेजे प्रार्थना पत्र में बताया कि नूरपुर प्राथमिक विद्यालय के बगल में मात्र 10 कदम की दूरी पर अंग्रेजी शराब की दुकान चल रही है। इसकी वजह से बच्चों पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। साथ ही गांव के लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। इसलिए जनहित को ध्यान में रखते हुए शराब की दुकान को हटवाया जाए। अन्यथा ग्रामीण धरना प्रदर्शन को मजबूर होंगे।
डीलर पर राशन न देने और अभद्रता करने का आरोप
देवबंद। नैनसोब गांव के लोगों ने एसडीएम को सौंपे प्रार्थना पत्र में डीलर पर राशन न देने और अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीण सुरेशना, विनय, सईद, करतारा, लालसिंह, रविपाल, बलवीर, संजो, सरिता, बबली, दीपा, विजयपाल, अंकुर आदि ने बताया कि वह आर्थिक रूप से कमजोर हैं। आरोप है कि डीलर ने 7-8 माह से उन्हें राशन नहीं दिया है। उनके साथ अभद्रता की जाती है। इससे उनका मानसिक उत्पीड़न हो रहा है। इसलिए डीलर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दुकान का लाइसेंस निरस्त किया जाए। साथ ही किसी ईमानदार व्यक्ति को डीलर नियुक्त किया जाए।