मेरठ के सिपाही व दरोगा की मुरादाबाद में मौत
गश्त पर निकले थे, अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, चौकी इंचार्ज-सिपाही समेत तीन की जान गई
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद/मेरठ।
गश्त पर निकले चौकी इंचार्ज, सिपाही और चौकी इंचार्ज के कारोबारी दोस्त की शनिवार रात हादसे में मौत हो गई। जबकि कार चालक जख्मी हो गया। तीनों सफेद रंग की स्विफ्ट कार में सवार थे। रात ढाई बजे पाकबड़ा-कुंदरकी बाईपास मार्ग पर ग्रोथ सेंटर चौकी के सामने तेज रफ्तार भारी वाहन ने ओवर टेक कर सामने आई कार में टक्कर मार दी। आरोपी चालक मौके से वाहन समेत भाग गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार कार चालक ने शराब पी रखी थी, हालांकि डाक्टरों ने ऐसा कोई बयान जारी नहीं किया है।
ग्रोथ सेंटर चौकी इंचार्ज (दरोगा) शिव कुमार नागर (45) गंगानगर के रहने वाले थे। चौकी पर तैनात सिपाही प्रवीन कुमार ने बताया कि दरोगा शिव कुमार नागर रात करीब साढे़ 12 बजे चौकी से गश्त के लिए सिपाही रविकांत शर्मा (30) निवासी मोहल्ला माता वाला, परीक्षितगढ़ के साथ निकले थे। कार में दरोगा का कारोबारी दोस्त शमीम (42) निवासी संभल पहले से ही मौजूद थे। रात करीब ढाई बजे अचानक चौकी के बाहर दो वाहनों के टकराने की आवाज आई। सिपाही प्रवीन और शिवकुमार के छोटे भाई ज्ञानेंद्र ने बाहर जाकर देखा तो सफेद रंग की कार क्षतिग्रस्त थी। कार में दरोगा समेत चार लोग खून से लथपथ थे। टीएमयू अस्पताल में डॉक्टरों ने दरोगा शिव कुमार नागर, सिपाही रविकांत और कार सवार दरोगा के कारोबारी दोस्त शमीम (42) निवासी ओबरी (संभल) को मृत घोषित कर दिया। कार चालक हाजी आलिम निवासी पाकबड़ा को कॉसमॉस में भर्ती कराया गया है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस लाइन में एसएसपी समेत अन्य पुलिस अफसरों ने अंतिम सलामी दी। एसपी सिटी आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला भारी वाहन को ओवर टेक कर सड़क पार करते वक्त हादसा होने का है। आरोपी अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
रविकांत के परिवार में कोहराम
रविवार को शव घर पहुंचा तो परिवार का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। गमगीन माहौल में नगर के श्मशान घाट पर मृतक के भतीजे प्रिंस ने मुखाग्नि दी। अंतिम यात्रा में रालोद नेता नरेंद्र खजूरी, चेयपर्सन पति अमित मोहन टीपू, गुल्लु पधान, पूर्व चेयरमैन हिटलर त्यागी, सराफा व्यापार संघ के अध्यक्ष सुधीर गर्ग, देवीदास गौतम, मनोज निर्मल, डॉ. राजन, नागेश शर्मा, बबलू तौड़िवाल, मदन गुर्जर, ओमकार जाटव, राजकुमार सभासद, भूले जाटव, मामचंद जाटव, मनोज प्रजापति, विष्णु शरण, बिशनपाल सिंह, महावीर सिंह, तेजपाल नागर, विष्णु अवतार रूहेला, पूर्व चेयरमैन सुनील प्रकाश आदि मौजूद रहे।
मां और पत्नी का बुरा हाल
रविकांत की तीन साल पहले कंकरखेड़ा निवासी शालू के साथ शादी हुई थी। जैसे ही शालू को पति की मौत की खबर मिली तो वह बेहोश हो गई। युवक के छह माह का पुत्र आरुष है। वहीं मां दया की तबियत बिगड़ गई, जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। बेटे की मौत के बाद पिता का भी रोकर बुरा हाल है। उधर, रविकांत की मौत के बाद मोहल्ले में किसी के भी घर चूल्हे नहीं जले।
जिला स्तर पर खेली कई प्रतियोगिता
रविकांत ने गांधी स्मारक देवनागरी इंटर कॉलेज से हाई स्कूल, इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की थी। वहीं रविकांत दौड़, लंबी कूद, भाला फेंक में स्कूल का चैंपियन रहा था। रविकांत ने तहसील एवं जिला स्तर पर खेलो में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। वह क्रिकेट भी खेलता था।