मेरठ। इसे गफलत कहें या नासमझी। एक साहब बैंक के बाहर अपनी नई बाइक छोड़कर दूसरे की पुरानी बाइक लेकर करीब तीन घंटे शहर में दौड़ते रहे। उधर, पुरानी बाइक वाले ने कंट्रोल रूम पर चोरी की सूचना दे दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज में उलझी रही और वो साहब वह बाइक लेकर खुद ही नौचंदी थाने पहुंच गए। तब जाकर बाइक बदलने का पता चला।
एसओ नौचंदी उमेश चंद पचौरी ने बताया कि फूलबाग कॉलोनी निवासी इंद्रजीत सोमवार दोपहर अपनी नई पैशन बाइक छोड़ गए और पास में खड़ी कनिष्क नाम के व्यक्ति की पुरानी बाइक लेकर चले गए। कनिष्क बैंक से निकले तो बाइक न मिलने पर उन्होंने कंट्रोल रूम पर बाइक चोरी की सूचना दे दी। तीन घंटे तक पुलिस मामले को समझ नहीं सकी और सीसीटीवी फुटेज में उलझी रही। कनिष्क चोरी की रिपोर्ट लिखवाने नौचंदी थाने पहुंच गए। करीब तीन घंटे बाद इंद्रजीत ने देखा कि यह उनकी बाइक नहीं है तो वे बाइक लेकर सीधे नौचंदी थाने पहुंच गए। वहां मौजूद कनिष्क ने अपनी बाइक देखकर इंद्रजीत पर चोरी का आरोप लगाकर शोर मचा दिया। थाने में ड्रामा हुआ तो पुलिस दोनों को बैंक ले गई और फुटेज देखी। बाद में पता चला कि बाइक गलती से बदल गई थी।
खास बात
- गांधी आश्रम के पास बैंक के बाद बदलीं दो बाइक, शोर चोरी का मचा