बिजनौर। कांवड़ यात्रा को लेकर परिवहन निगम ने भी तैयारी कर ली है। बिजनौर डिपो की ओर से हरिद्वार मार्ग पर रोडवेज बसों के 20 अतिरिक्त फेरे बढ़ाए गए हैं। शिवभक्तों की संख्या बढ़ने पर इस मार्ग पर और बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
बिजनौर डिपो से हरिद्वार के लिए सामान्य रूप से आठ बसों का संचालन किया जाता है, लेकिन, श्रावण मास में हरिद्वार जाने वाले लोगों की संख्या अधिक रहती है। ऐसे में हरिद्वार जाने वाले लोगों को सफर में कोई परेशानी न हो। इसके लिए ही हरिद्वार मार्ग पर बसों के फेरे बढ़ाए जा रहे हैं ताकि यात्री बिना परेशानी सफर कर सकें। इसके अलावा बिजनौर हरिद्वार जाने व आने वाली बसों का संचालन सेंट मैरी चौराहा, किरतपुर, देव पेट्रोल पंप तिराहा, वसीपुर नहर, समीपुर नहर होते हुए होगा। इससे शिवभक्त और यात्री बिना परेशानी अपनी मंजिल तक पहुंचेंगे। रोडवेज बसों की मरम्मत करने के निर्देश दिए गए हैं। हरिद्वार मार्ग पर संचालित होने वाली बसों को बिना मरम्मत मार्ग पर नहीं भेजा जाएगा। कार्यशाला में सभी कमी दूर करने के बाद ही बसें अपने गंतव्य की ओर रवाना होंगी।
वर्जन::
कांवड़ यात्रा को लेकर पूरी तैयारी कर ली गई है। हरिद्वार के लिए बसों के 20 अतिरिक्त फेरे बढ़ाए गए हैं। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर और बसें भेजी जाएंगी। सभी कर्मचारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
अशोक कुमार, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, बिजनौर