एचडीएफसी बैंक पर विद्युत निगम के कर्मचारी मंगलवार को 2.55 लाख के 10-10 के सिक्के जमा कराने पहुंच गए। इन्हें देख बैंक स्टाफ के पसीने छूट गए। शाम को बैंक का आधा स्टाफ इन्हें गिनने में लगा रहा।
पावर कारपोरेशन के उपखंड कार्यालय प्रथम के कैशियर हरीपाल सिंह मंगलवार सुबह वेस्टर्न कचहरी रोड स्थित एचडीएफसी बैंक में विभाग का कैश जमा कराने पहुंचे। इनमें 2.55 लाख रुपये के 10-10 के सिक्के थे। इन सिक्कों को देख बैंक कैशियर भौचक्का रह गया। कहा कि वह इतने ज्यादा सिक्के गिनने गिनने बैठ गया तो काम ही बंद हो जाएगा। बैंक ने शाम को कैश जमा करने को कहा। पहले तो निगम कैशियर ने आनाकानी की, लेकिन बाद में वह वह मान गया।
... अब लेने भी तो पड़ेंगे
विद्युत निगम के कैशियर ने बताया कि सोमवार को एक फैक्ट्री संचालक ने 2.85 लाख के बिल में 2.55 लाख के 10-10 के सिक्के दिए थे। हमें भी इन सिक्कों को गिनने में कई घंटे लगे थे। ये सिक्के जमा करने को लेकर बैंक और निगम स्टाफ में बहस होने पर वहां मौजूद कुछ ग्राहक भी कह बैठे कि पिछले दिनों बैंक ने नोटों के बजाय सिक्कों की थैली थमाईं थीं। लोग मजबूरी में इन्हें ले भी गए। अब ये बैंक में ही तो आएंगे और बैंक वालों को लेने भी पडे़ंगे। बैंक प्रबंधक भूमेश कुमार ने बताया कि शाम को साढ़े तीन बजे के बाद बैंक का आधा स्टाफ लगाकर सिक्के गिनवाए गए।