व्यापारी नेता के घर में घुसकर हमला
मवाना। सुभाष चौक पर सोमवार शाम को भाजपा नेता निपुण चौहान के भाई से हुई कहासुनी के बाद आठ-दस युवकों ने भाजपा नेता के घर पर हमला बोल दिया। वे तोड़फोड़ के साथ भाजपा नेता के ताऊ को मारपीट कर घायल करके फरार हो गए। सूचना पाकर थाना प्रभारी व सीओ मौके पर पहुंचे तथा घटना की जानकारी ली। समाचार लिखे जाने तक तहरीर नहीं दी गई थी।
भाजपा नेता निपुण चौहान के भाई देर शाम कार से घर लौट रहे थे। वे लोग सुभाष चौक पर पहुंचे तो साइड को लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली सवार युवकों से कहासुनी हो गई। उस समय थाना प्रभारी भी सुभाष चौक पर ही मौजूद थे। बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सवार युवकों ने बेखौफ होकर भाजपा नेता के भाई से हाथापाई शुरू कर दी।
किसी प्रकार वहां उपस्थित लोगों तथा पुलिस ने बीच बचाव करा दिया। अभी भाजपा नेता का भाई घर पहुंचा ही था कि 8-10 युवक लाठी-डंडे लेकर आए और हमला बोल दिया। हमलावरों ने निपुण चौहान के ताऊ धर्मवीर चौहान पर हमला कर उनको घायल कर दिया। वहीं, तोड़फोड़ कर बेखौफ फरार हो गए। घायल धर्मवीर सिंह चौहान को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर नहीं दी गई थी। वहीं, जब घर पर हमले की सूचना पाकर थाना प्रभारी पहुंचे तो उनको विरोध का सामना करना पड़ा। परिवार के लोगों में इस बात को लेकर रोष था कि पुलिस के सामने पहले सुभाष चौक पर हाथापाई की गई तथा अब घर पर हमला बोल दिया। भाजपा नेता निपुण चौहान ने बमुश्किल परिजनों को शांत किया। मौके पर पुलिस तैनात कर दी गई है। इस संबंध में सीओ यू एन मिश्र का कहना है कि ओवरटेक करने को लेकर जंधेड़ी के युवकों से विवाद था। जिसमें बाद में घर पर हमला बोल दिया तथा मारपीट की गई। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।