18 घंटे गुल रही शास्त्रीनगर क्षेत्र की बिजली
- एल ब्लॉक बिजलीघर पर फाल्ट होने से ठप हो गई थी बिजलीघर की बत्ती
- रात 11 बजे गई बिजली शाम पांच बजे हुई सामान्य
मेरठ। एल ब्लॉक शास्त्रीनगर बिजलीघर में हुए बड़े फाल्ट के चलते क्षेत्र के लोगों को 18 घंटे तक बिजली कट का दंश झेलना पड़ा। रविवार रात 11 बजे गुल हुई बिजली सोमवार शाम 5 बजे चालू हो सकी। बिना बिजली और पानी के क्षेत्र में हाहाकार मचा रहा।
बताया गया कि रविवार रात करीब 11 बजे एल ब्लॉक शास्त्रीनगर के 33 केवी बिजलीघर में बड़ा फाल्ट हो गया था। इसके चलते बिजलीघर से जुड़े सभी फीडर बंद हो गए थे। रात को ही चलाए गए मेंटीनेंस अभियान के तहत सुबह तक दो फीडर तो चालू कर दिए थे, लेकिन शास्त्रीनगर एल और के ब्लॉक के अलावा चाणक्यपुरी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं हो सकी। दोपहर करीब 12 बजे फाल्ट ठीक करके आपूर्ति सामान्य की गई तो वीसीबी में फाल्ट हो गया। शाम पांच बजे इसे ठीक करके आपूर्ति सामान्य की जा सकी। यहां के लोगों को बिजली के साथ सुबह का पानी भी नहीं मिल सका। लोग बिजलीघर पर फोन करके बिजली आने की जानकारी करते रहे, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल सका। अधिशासी अभियंता सोनू रस्तोगी ने बताया कि बिजलीघर पर फाल्ट होने से आपूर्ति बाधित हुई थी।