कब रुकेगी नो एंट्री में भारी वाहनों की दौड़
मेरठ। दिल्ली रोड पर नो एंट्री में भी भारी वाहन चल रहे हैं। बृहस्पतिवार को भी दोपहर एक से तीन बजे तक भारी वाहन दौड़ते रहे और ट्रैफिक पुलिसकर्मी मूक दर्शक बने देखते रहे। एसपी ट्रैफिक ने मेसेज देकर दिल्ली रोड पर लगे पुलिस कर्मियों को सख्त किया है।
शहर में सुबह सात से रात 10 बजे तक नो एंट्री है, वहीं दिल्ली रोड पर ट्रांसपोर्ट नगर की वजह सेे इसमें छूट दी गई है। दिल्ली रोड पर दोपहर एक से तीन और शाम पांच से आठ बजे तक नो एंट्री लागू है, लेकिन इस दौरान भी वहां भारी वाहन दौड़ रहे हैं। बृहस्पतिवार को दोपहर एक से तीन बजे तक अमर उजाला टीम ने दौरा किया तो ट्रैफिक पुलिस के दावों की पोल खुलती नजर आई।
बिजली बंबा बाईपास मोड़
हापुड़ और दिल्ली की ओर से कई भारी और माल वाहक वाहन शहर के अंदर आसानी से आ रहे थे। इन वाहनों को कोई रोकने वाला नहीं था। यहां खड़े पुलिस कर्मी भी इन्हें देखते रहे, लेकिन किसी ने नहीं टोका।
टीपी नगर गेट
गेट के सामने से ही कई वाहन दिल्ली रोड पर आ और जा रहे थे। कुछ वाहन दुर्गा धर्म कांटे पर जा रहे थे जिस कारण रोड भी बाधित हो रही थी। वहीं पास खडे़ ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने इन्हें रोकना उचित नहीं समझा।
शहर के अंदर रोके तो लग जाएगा जाम
दिल्ली रोड पर नो एंट्री के वक्त शहर में घुसने वाले वाहनों को रोकना आसान नहीं है। शहर के अंदर वाहनों का इतना लोड रहता है कि यदि इन्हें बीच शहर में रोका गया तो रोड ही जाम हो जाएगी। इसलिए बेहतर होगा कि शहर में आने वाले इन वाहनों को हापुड़ रोड पर बिजली बंबा बाईपास और परतापुर मोड़ पर ही रोक लिया जाए।
एसपी ट्रैफिक ने लगाई फटकार
दिल्ली रोड पर नो एंट्री में भारी वाहन घुसने पर एसपी ट्रैफिक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को फटकार लगाई। टीएसआई को भी चेताया गया। साफ कहा गया कि यदि इस पर रोक नहीं लगाई तो कार्रवाई होगी।
अवैध कट भी नहीं हुए बंद
दिल्ली रोड पर अवैध कट भी जाम की वजह बने हैं। लोगों ने अपनी सुविधा के लिए अवैध कट बना लिए हैं, लेकिन इन्हें भी बंद करने को लेकर कोई गंभीर नहीं है। बृहस्पतिवार को भी इन अवैध कट से लोग वाहन निकालते रहे।
ट्रांसपोर्टर भी सहयोग करें
एसपी ट्रैफिक संजीव वाजपेयी ने बताया कि ये व्यवस्था शहर को जाम और दुर्घटनाओं से बचाने के लिए है। शहर हित में इसके लिए ट्रांसपोर्टरों को भी सहयोग करना चाहिए। संबंधित टीएसआई को उन्होंने चेतावनी भी दी है।- संजीव वाजपेयी, एसपी ट्रैफिक