मेरठ। सांसद राजेन्द्र अग्रवाल ने उप्र लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित की जाने वाली प्रांतीय सिविल सेवा की मुख्य परीक्षा का केंद्र मेरठ में भी बनाए जाने की मांग की है। उन्होंने इस बाबत लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष को पत्र भेजकर कहा है कि मेरठ से काफी छात्र इस परीक्षा में बैठते हैं जो यहां सेंटर न होने से काफी परेशानी झेलते हैं।
वर्तमान में इस सेवा की प्रारंभिक परीक्षा के केंद्र तो राज्य के विभिन्न शहरों में हैं। लेकिन मुख्य परीक्षा के केंद्र केवल लखनऊ और इलाहाबाद में ही हैं। इससे पश्चिमी उप्र के छात्रों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। सांसद ने कहा है कि मेरठ और आसपास के भी हजारों आवेदक होते हैं। प्रारंभिक परीक्षा जहां केवल एक दिन में हो जाती है, वहीं मुख्य परीक्षा कई दिनों तक चलती है। इलाहाबाद में हजारों आवेदकों के लिए रहने का बंदोबस्त करना कठिन होता है। आने जाने में मुश्किल अलग है। खासकर लड़कियों के लिए वहां जाकर परीक्षा देना बेहद कठिन होता है क्योंकि उनके साथ आमतौर पर उनके अभिभावक भी जाते हैं। ऐसे में मेरठ को सेंटर बनाया जाना बेहद जरूरी है।