मेरठ में 53 लोगों को अब तक पुष्टि, 8 की मौत
ढाई माह से कहर बरपा रहा स्वाइन फ्लू, दवाइयां भी हो रहीं बेअसर
मेरठ। दो डॉक्टरों समेत 14 और लोगों को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। मेरठ में पिछले करीब ढाई माह के दौरान 53 लोग को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से आठ की मौत हुई है, जिनमें छह महिलाएं हैं।
सीएमओ डॉ. राजकुमार ने बताया कि मंगलवार और बुधवार को जिनको स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है, उनमें अनिता दुआ (50) निवासी फूल बाग कालोनी, डॉ. मलय शर्मा (54) निवासी साकेत, डॉ. प्रदीप राजपूत (47) निवासी बागपत रोड बाइपास, गुलशन (31) निवासी गंगानगर, विपुल (25) बुढ़ाना गेट, जयवीर सिंह (54), रिषभ (15) डिफेंस कालोनी, आध्या (42 माह) निवासी शास्त्रीनगर और धर्मवती (65) निवासी भलसोना, सरधना, मंजू शर्मा (25) निवासी बढ़ाला, मुंडाली और रितु (34) निवासी लावड़ हैं। इनके अलावा शिप्रा (28) और अरनव निवासी मुजफ्फरनगर व शैल बाला जैन (80) निवासी दामोदरपुरी कालोनी सहारनपुर हैं। इनमें से रितु और मंजू की 14 अगस्त को मृत्यु हो चुकी है। इनकी स्वाइन फ्लू की रिपोर्ट मंगलवार को आई थी। डॉ. मलय शर्मा एच1 एन1 पॉजिटिव आया था। लेकिन अब वह पूरी तरह से ठीक हैं। ओपीडी भी कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि मेडिकल अस्पताल की माइक्रोबायोलॉजी लैब से 161 सैंपलों में से 65 लोगों को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इनमें 15 दूसरे जिलों के हैं। यहां से मेरठ के 50 लोगों को पुष्टि हुई है, जबकि मेरठ के तीन मरीजों को स्वाइन फ्लू की पुष्टि दिल्ली की लैब से हुई है। शासन ने भी मेडिकल अस्पताल, जिला अस्पताल और सीएमओ कार्यालय से स्वाइन फ्लूं के इंतजामों का ब्योरा मांगा है। कितनी स्वाइन फ्लू की दवाइयां हैं, कितनी मास्क और वार्ड हैं आदि।
एसपी सिटी का सैंपल भेजा
एसपी सिटी मान सिंह चौहान में भी स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण दिखे हैं। उनका भी सैंपल जांच के लिए मेडिकल अस्पताल की माइक्रोबायोलॉजी लैब भेजा गया है। बृहस्पतिवार को रिपोर्ट आएगी।
इसी हफ्ते आ जाएंगी दवाइयां
सीएमओ ने 15 हजार टेमी फ्लू की टैबलेट, एक हजार स्पेशल मास्क, 300 इंजेक्शन एच1 एन1 वैक्सीन और 25 पीपी किट मंगाने के लिए इंडेंट (मांग पत्र) भेजा गया है। ये दवाइयां इसी सप्ताह आने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि मेरठ में फिलहाल टेमी फ्लू की 3800 टेबलेट सीएमओ कार्यालय में हैं। 800 मेडिकल और 700 जिला अस्पताल में हैं। मेडिकल और जिला अस्पताल में स्वाइन फ्लू के 41 बेड आरक्षित हैं।