संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में हो रही लगातार बारिश का असर अब गंगा के जलस्तर पर साफ दिखाई देने लगा है। बृहस्पतिवार शाम 4:00 बजे तक गंगा में पानी का बहाव बढ़ने से सिंचाई और प्रशासनिक विभाग सतर्क हो गए हैं। गंगा किनारे बसे गांवों और खादर क्षेत्र पर विशेष नजर रखी जा रही है।
भीमगौड़ा बैराज से शाम 4:00 बजे जारी आंकड़ों के अनुसार गेज 293.00 मीटर दर्ज किया गया, जबकि डिस्चार्ज बढ़कर 1,56,869 क्यूसेक पहुंच गया। वहीं बिजनौर बैराज पर गेज 219.10 मीटर और डिस्चार्ज 1,86,009 क्यूसेक रिकॉर्ड किया गया। जो देर शाम हस्तिनापुर के खादर क्षेत्र में पहुंच गया। जल स्तर बढ़ने से गांव बस्तोरा नारंग, दूधली, भीकुंड, मखदूमपुर आदि गांव के जंगलों में पानी भर गया। पिछले कुछ घंटों में पानी के बहाव में लगातार वृद्धि दर्ज होने से गंगा का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। गंगा किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। सिंचाई विभाग की टीमें तटबंधों और संवेदनशील स्थलों का लगातार निरीक्षण कर रही हैं।
खादर क्षेत्र के गंगा तटीय गांवों में रहने वाले ग्रामीण भी बढ़ते जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं। एसडीएम संतोष कुमार ने लोगों से अपील की है कि वह गंगा के तेज बहाव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न जाएं।