ससुराल में विवाहिता को जिंदा जलाने की कोशिश
सरधना कस्बे में रात में ससुरालियों ने विवाहिता को बंधक बनाकर पीटा
मौके पर पहुंचकर महिला के भाई और मां को पीटकर डकैती की दी सूचना
सरधना/मेरठ। दहेज की मांग पूरी न होने पर सरधना कस्बे में रात में ससुरालियों ने विवाहिता को बंधक बनाकर पीटा। विरोध करने पर केरोसिन डालकर जिंदा जलाने की कोशिश की। रात में महिला के भाई और मां भी मौके पर पहुंची तो ससुरालियों ने उन्हें भी बंधक बना लिया। पुलिस को घर में डकैती पड़ने की सूचना देकर अफसरों की नींद उड़ा दी। पूरे मामले में एसपी देहात ने फर्जी तरह से सूचना देने वालों पर सख्त कार्रवाई की बात कही है।
सरधना कस्बे के कमरा नवाबान निवासी साजिद ने अपनी बेटी सोनी की शादी चार साल पहले कस्बे के पीर वाली बस्ती निवासी युवक के साथ की थी। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और अन्य ससुरालिए दहेज में एक लाख रुपये और बाइक की मांग कर रहे थे। विरोध करने पर विवाहिता को बेरहमी से मारपीट की जाती। एक माह पहले भी ससुरालियों ने विवाहिता का गला घोंटकर हत्या की कोशिश की थी। विवाहिता का आरोप है कि रात में भी उसे ससुरालियों ने बुरी तरह से पीटा। जब उसने अपने मायके में मां को फोन पर आपबीती सुनाई। रात में पीड़िता की मां इसरत और भाई वसीम भी मौके पर पहुंचे। जिसके बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने विवाहिता पर केरोसिन उड़ेलकर जलाने की कोशिश की। विवाहिता के मायके पक्ष के लोगों को भी बंधक बना लिया और पिटाई करते हुए पुलिस को डकैती की सूचना दी कि घर में बदमाश घुस गये। डकैती की सूचना के बाद सरधना इंस्पेक्टर दिलीप सिंह मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने घायल विवाहिता, उसकी मां और भाई को अस्पताल में भर्ती कराया है। एसपी देहात राजेश कुमार का कहना है कि जांच में सामने आया कि ससुरालियों पर दहेज मांगने का आरोप है। इसी के चलते उन्होंने विवाहिता और उसके मां व भाई को पीटा है। डकैती की फर्जी सूचना देने के मामले में पुलिस कार्रवाई कर रही है। रात में पुलिस ने आरोपियों के घर दबिश भी दी।