03 डिग्री सामान्य से ऊपर चल रहा दिन का तापमान
43 डिग्री तक पहुंच सकता है 24-48 घंटे में पारा
30 अप्रैल को धूल भरी आंधी चलने का अलर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
मोदीपुरम। उत्तर पश्चिमी हवाओं से शुष्क हुए मौसम ने सोमवार को गर्मी में और इजाफा कर दिया। तापमान रविवार के 40.6 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले एक डिग्री बढ़कर 41.6 पर पहुंच गया। हालांकि रात के तापमान में मामूली सी गिरावट रही। मौसम विज्ञानियों का कहना है गर्मी अभी और बढ़ेगी। दिन और रात का तापमान सामान्य से तीन डिग्री ऊपर चल रहा है। अलर्ट जारी हुआ है कि दिन का पारा 24 से 48 घंटे में 43 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच सकता है।
अप्रैल के अंतिम सप्ताह में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया है। गर्मी के तेवर रोजाना तल्ख होते जा रहे हैं। मौसम में उतार-चढ़ाव के बीच अभी राहत के आसार नहीं दिख रहे हैं। दिन शुरू होते ही लू भरी गर्म हवाओं से सड़कों और बाजारों में आवाजाही कम हो रही है। हाईवे पर भी इसका असर देखा जा रहा है। लोग गर्मी से बचने के लिए दोपहर 12 बजे से मध्याह्न चार बजे तक घर से निकलने में बच रहे हैं। मौसम कार्यालय पर अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री व न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस, अधिकतम आर्द्रता 33 व न्यूनतम 15 प्रतिशत दर्ज की गई।
अभी गर्मी ऐसे ही रहेगी
उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से मौसम शुष्क हो रहा है। जिस कारण से दिन में लू का असर कम नहीं हो रहा है। अभी गर्मी ऐसे ही रहेगी। -डॉ. यूपी शाही, मौसम वैज्ञानिक कृषि विवि
43 तक पहुंच सकता है पारा
सोमवार को दिन का पारा सामान्य से तीन डिग्री व रात का पारा एक डिग्री ऊपर रहा है। गर्मी का असर और बढ़ेगा। गर्म हवाओं से परेशानी होगी। मई की शुरुआत में तापमान 43 डिग्री तक पहुंच सकता है। -डॉ. एन सुभाष, मौसम वैज्ञानिक भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान
------------
गरमी से करें बचाव
पारा उछलने के साथ ही हीट वेव यानी लू का असर दिखने लगा है। ऐसे में गरमी से बचने के लिए एहतियात बरतना जरूरी है।
- उचित मात्रा में तरल पदार्थ प्रयोग करें
- यात्रा करते समय पानी साथ रखें
- निर्जलीकरण से बचने के लिए ओआरएस का प्रयोग करें
- गरमी में संतुलित हलका भोजन करना चाहिए
- अधिक प्रोटीन वाले तथा बासी खाद्य पदार्थ खाने से बचें
- हल्के रंग के सूती एवं ढीले कपड़े एवं सिर को ढकें, कड़ी धूप से बचें
- दोपहर 12 बजे से दोपहर 3 बजे तक धूप में निकलने से बचना चाहिए
- गरमी का असर दिखने पर चिकित्सक की सलाह लें
- लू से प्रभावित व्यक्ति को छाया में लिटाकर चिकित्सक से संपर्क करे
- बीमार और गर्भवती महिला कामगारों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए
---------
पिछले 7 दिन का तापमान
तारीख अधिकतम न्यूनतम
23 39.0 20.8
24 39.6 22.8
25 39.8 24.5
26 39.6 21.8
27 40.5 24.0
28 40.6 24.0
29 41.6 23.8
(डिग्री सेल्सियस में)