बोर्ड परीक्षा में बिजली कटौती से लोग परेशान
मेरठ। शहर में 24 घंटे बिजली आपूर्ति के दावे गड़बड़ाने लगे हैं। बोर्ड परीक्षा में जमकर बिजली कटौती की जा रही है। बिजली कटौती से परीक्षा तैयारी पर असर पड़ रहा है।
शासन की तरफ से कमिश्नरी में 24 घंटे बिजली आपूर्ति करने के निर्देश हैं उसके बाद भी शहर में बिजली कटौती की जा रही है। सबसे ज्यादा शिकायत रामलीला ग्राउंड बिजलीघर से संचालित फीडरों की है। इसके अलावा लिसाड़ी गेट बिजलीघर पर भी ज्यादा दिक्कत हो रही है। लोगों का कहना है कि शालीमार गार्डन, मजीद नगर, इत्तेफाक नगर, ईदगाह कालोनी, समर कालोनी आदि में सुबह 7 बजे से 10 बजे तक और शाम को 6 बजे से रात 9 बजे तक बिजली कट का झटका दिया जा रहा है। स्थानीय निवासी शाबिर, हनीफ और शहजाद आदि ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से तीन-तीन घंटे का कट कर लोगों को परेशान किया जा रहा है। सोफीपुर, कंकरखेड़ा, एमईएस, लेडीज पार्क, टाउन हाल, रेलवे रोड, विकासपुरी, हापुड़ रोड, नौचंदी, मेडिकल आदि बिजलीघर क्षेत्रों में भी बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की शिकायत मिल रही है। अधीक्षण अभियंता शहर संजीव राणा ने बताया कि फाल्ट आदि होने पर ही बिजली आपूर्ति प्रभावित होती है। बिजलीघर स्तर से कोई भी कटौती नहीं कराई जा रही है। जहां बिजली कटने की शिकायत मिल रही है उन इलाकों को दिखवाकर दुरुस्त कराया जाएगा।